Ad Code

बक्सर के अनिमेष कुमार को मिली पीएचडी की उपाधि, पंचायतों में महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी पर किया व्यापक शोध


- नुआंव गांव के निवासी ने बेनेट विश्वविद्यालय के आठवें दीक्षांत समारोह में हासिल की डॉक्टरेट की उपाधि, बक्सर की 137 ग्राम पंचायतों को बनाया शोध का केंद्र

बक्सर । जिले के नुआंव गांव निवासी अनिमेष कुमार ने अपनी शैक्षणिक उपलब्धि से बक्सर का मान बढ़ाया है। ग्रेटर नोएडा स्थित बेनेट विश्वविद्यालय के आठवें दीक्षांत समारोह में उन्हें विधि विषय में डॉक्टर ऑफ फिलॉसफी (पीएचडी) की उपाधि प्रदान की गई। उन्होंने अपने शोध के लिए बक्सर जिले की पंचायतों में महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी और वास्तविक सशक्तीकरण को केंद्र में रखा।

अनिमेष कुमार ने ‘73वें संविधान संशोधन का व्यावहारिक अध्ययन : ग्राम पंचायतों में महिलाओं के राजनीतिक सशक्तीकरण का मूल्यांकन’ विषय पर अपना शोध पूरा किया है। इसमें उन्होंने 73वें संविधान संशोधन के बाद पंचायतों में महिलाओं को मिले आरक्षण और उनकी वास्तविक राजनीतिक भागीदारी के बीच के अंतर का अध्ययन किया है।



इस शोध की खास बात यह है कि अनिमेष ने अपने गृह जिले बक्सर की 137 ग्राम पंचायतों को अध्ययन का केंद्र बनाया। शोध के दौरान निर्वाचित महिला जनप्रतिनिधियों के बीच सर्वेक्षण किया गया और कुल 251 वैध प्रतिक्रियाओं के आधार पर आंकड़ों का विश्लेषण किया गया। इसमें महिलाओं की निर्णय लेने की स्वतंत्रता, पंचायतों के कामकाज में उनकी भूमिका और सामाजिक व संस्थागत चुनौतियों का आकलन किया गया।

शोध के निष्कर्षों में सामने आया कि पंचायतों में महिलाओं का संख्यात्मक प्रतिनिधित्व तो बढ़ा है, लेकिन वास्तविक राजनीतिक सशक्तीकरण की राह में अब भी कई बाधाएं हैं। पितृसत्तात्मक सोच, पारिवारिक हस्तक्षेप, सामाजिक रूढ़ियां, प्रशासनिक प्रक्रियाओं की जानकारी का अभाव और महिला जनप्रतिनिधियों की जगह उनके पुरुष परिजनों द्वारा निर्णय लेने की प्रवृत्ति प्रमुख चुनौतियों के रूप में सामने आईं।




अनिमेष ने अपने शोध में इन समस्याओं के समाधान के लिए महिला प्रतिनिधियों के प्रशिक्षण, जागरूकता, संस्थागत जवाबदेही और उनकी स्वतंत्र निर्णय क्षमता को मजबूत करने के सुझाव भी दिए हैं। उनका शोध पंचायतों में महिला नेतृत्व और जमीनी लोकतंत्र की वास्तविक स्थिति को समझने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

खास बात यह है कि उन्होंने किसी दूसरे क्षेत्र के बजाय अपनी जन्मभूमि बक्सर को शोध का विषय बनाया। उनका यह अकादमिक प्रयास जिले की ग्रामीण राजनीतिक और सामाजिक व्यवस्था को समझने के लिए उपयोगी दस्तावेज साबित हो सकता है।

अनिमेष की इस उपलब्धि पर उनके पैतृक गांव नुआंव सहित पूरे जिले में खुशी का माहौल है। उनके बड़े भाई रिंकू पांडे ने बताया कि इस सफलता से परिवार और गांव के लोग गौरवान्वित हैं। ग्रामीण परिवेश से निकलकर विधि के क्षेत्र में पीएचडी हासिल करना युवाओं के लिए भी प्रेरणादायक है।






................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu