बक्सर । बक्सर मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नुआंव गांव में शुक्रवार की देर रात आगजनी की घटना से हड़कंप मच गया। यहां दरवाजे के पास खड़ी जेसीबी मशीन को कथित तौर पर आग के हवाले कर दिया गया। आग की चपेट में आने से मशीन के कई महत्वपूर्ण हिस्से जलकर क्षतिग्रस्त हो गए। पीड़ित ने करीब डेढ़ लाख रुपये की आर्थिक क्षति होने का दावा किया है। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद होने की बात कही जा रही है।
घटना शुक्रवार की रात करीब पौने दो बजे की है। नुआंव गांव निवासी रवि कुमार सिंह के अनुसार, उनकी जेसीबी (नंबर BR 01 GE 3951) गांव में मुरारी सिंह के दरवाजे के पास खड़ी थी। रात में जब वे मशीन लेकर काम पर जाने पहुंचे तो देखा कि जेसीबी में आग लगी हुई है। इसी दौरान एक व्यक्ति मौके से भागता दिखाई दिया। पीड़ित का आरोप है कि बिजली की रोशनी में उन्होंने भाग रहे व्यक्ति की पहचान गांव के ही सुरेश आजाद उर्फ सुरेश राम के रूप में की।
इसके बाद आसपास के लोगों की मदद से किसी तरह आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक जेसीबी का टायर, ऑयल प्रेशर पाइप, डीजल फिल्टर और वायरिंग सहित कई महत्वपूर्ण हिस्से जल चुके थे। पीड़ित ने पुलिस को दिए आवेदन में सुरेश राम पर जानबूझकर आग लगाने का आरोप लगाया है। उन्होंने यह भी बताया है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा है और घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पीड़ित ने पुलिस से सीसीटीवी फुटेज की जांच कर घटना में शामिल व्यक्ति के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की गुहार लगाई है। देर रात हुई इस आगजनी की घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...

















0 Comments