Ad Code

कला उत्सव में 41 विद्यालयों के 188 विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा, आर्ट फेयर में भी बिखरे रचनात्मकता के रंग


- कला भवन में जिला स्तरीय कला उत्सव-2026 एवं आर्ट फेयर का आयोजन, गायन, वादन, नृत्य, चित्रकला और नाटक सहित 12 विधाओं में विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा

बक्सर । कला, संस्कृति और रचनात्मकता के संगम पर शनिवार को कला भवन, बक्सर में जिला स्तरीय कला उत्सव-2026 एवं आर्ट फेयर का भव्य आयोजन किया गया। समग्र शिक्षा, बिहार के तत्वावधान में आयोजित कला उत्सव में जिले के 41 विद्यालयों के 188 छात्र-छात्राओं ने 12 विभिन्न विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं, मिशन ज्ञानार्जन-2026 के तहत आयोजित जिला स्तरीय आर्ट फेयर में 10 विद्यालयों के 21 विद्यार्थियों ने अपनी कलात्मक कृतियों से लोगों को आकर्षित किया।


कार्यक्रम का उद्घाटन उप विकास आयुक्त निहारिका छवि के मुख्य आतिथ्य में हुआ। इस मौके पर जिला शिक्षा पदाधिकारी इंद्र कुमार कर्ण एवं जिला कार्यक्रम पदाधिकारी अनन्या की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कला उत्सव में गायन, वादन और नृत्य की एकल एवं समूह प्रस्तुतियों के साथ दृश्य कला की 2D और 3D विधाओं, पारंपरिक कहानी वाचन, निबंध लेखन तथा नाटक सहित कुल 12 विधाओं को शामिल किया गया। विद्यार्थियों ने अपनी कला, कल्पनाशीलता और अभिव्यक्ति क्षमता से अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। वहीं, आर्ट फेयर में विद्यार्थियों की कलात्मक कृतियों और रचनात्मक प्रस्तुतियों ने आयोजन को विशेष आकर्षण प्रदान किया।




कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में छिपी कलात्मक प्रतिभा की पहचान कर उन्हें उचित मंच उपलब्ध कराना तथा शिक्षा के साथ कला, संस्कृति और रचनात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देना रहा। आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी रुचि और हुनर को प्रदर्शित करने का अवसर मिला।

कार्यक्रम के सफल संचालन में एपीओ रामभजन एवं संभाग प्रभारी सुरेंद्र कुमार सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मंच संचालन अनुराग मिश्रा ने किया। वहीं, आयोजन की विभिन्न व्यवस्थाओं में अंकुर श्रीवास्तव, संदीप आर्य, दुर्गमांगे, महताब अली, कंचन सिंह एवं प्रीति कुमारी सहित अन्य सहयोगियों ने सक्रिय योगदान दिया।

कार्यक्रम के समापन पर शिक्षा विभाग की ओर से सभी प्रतिभागियों, विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों, शिक्षक-शिक्षिकाओं, निर्णायक मंडल एवं आयोजन टीम के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।







................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu