- रामरेखा घाट समेत शहर के प्रमुख घाटों पर परिवहन विभाग की छापेमारी, नावों के रजिस्ट्रेशन, फिटनेस और लाइफ जैकेट की हुई जांच; नियमों का उल्लंघन करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
बक्सर । गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला परिवहन कार्यालय की टीम ने रामरेखा घाट सहित शहर के विभिन्न गंगा घाटों पर अवैध एवं अनिबंधित नावों के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाया। जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) प्रशांत रमानिया के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के दौरान बिना वैध निबंधन और आवश्यक सुरक्षा मानकों के संचालित एक नाव को जब्त कर लिया गया।
जांच अभियान के दौरान नावों के रजिस्ट्रेशन, फिटनेस प्रमाण पत्र, नाविकों के लाइसेंस और यात्रियों की सुरक्षा के लिए उपलब्ध लाइफ जैकेट सहित अन्य जीवन रक्षक उपकरणों की जांच की गई। इस क्रम में नियमों का उल्लंघन करते हुए पाई गई एक अनिबंधित नाव को परिवहन विभाग के निर्देश पर नगर परिषद की टीम ने तत्काल जब्त कर लिया। संबंधित नाव मालिक के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।
नाविकों को दिए गए सख्त निर्देश
जिला परिवहन विभाग ने नाव संचालकों को बिना वैध निबंधन और फिटनेस प्रमाण पत्र के नावों का परिचालन नहीं करने की हिदायत दी है। नावों के निबंधन के लिए अनुमंडल कार्यालय में आवेदन देने को कहा गया है। इसके अलावा निर्धारित क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाने पर रोक लगाई गई है। प्रत्येक नाव में पर्याप्त संख्या में लाइफ जैकेट, रस्सी और अन्य सुरक्षा उपकरण रखना अनिवार्य किया गया है।
विभाग ने नाविकों के लिए वैध लाइसेंस अनिवार्य करते हुए अप्रशिक्षित और नाबालिगों से नाव संचालन नहीं कराने का निर्देश दिया है। साथ ही सूर्यास्त के बाद और खराब मौसम, तेज हवा या कोहरे की स्थिति में नावों का परिचालन पूरी तरह बंद रखने को कहा गया है।
डीटीओ प्रशांत रमानिया ने स्पष्ट किया कि गंगा घाटों पर संभावित दुर्घटनाओं को रोकने और जल यातायात को सुरक्षित बनाने के लिए ऐसे जांच अभियान लगातार चलाए जाएंगे। नगर परिषद और अंचल कार्यालय के सहयोग से होने वाली इन कार्रवाइयों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले नाव संचालकों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...

















0 Comments