Ad Code

24 नवंबर को होगा ‘सुशासन दिवस : नीतीश संवाद’ कार्यक्रम, जदयू ने शुरू की तैयारी



बक्सर जिला अतिथिगृह में आयोजित हुई तैयारी बैठक, डॉ. अजय सिंह और विधायक संतोष निराला ने कार्यकर्ताओं को सौंपी जिम्मेदारी

बक्सर । आगामी 24 नवंबर को आयोजित होने वाले ‘सुशासन दिवस : नीतीश संवाद’ कार्यक्रम की सफलता को लेकर बुधवार को बक्सर जिला अतिथिगृह में जनता दल यूनाइटेड की तैयारी बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष राजकुमार शर्मा ने की। इसमें कार्यक्रम प्रभारी सह बिहार राज्य नागरिक परिषद के उपाध्यक्ष डॉ. अजय सिंह तथा पूर्व मंत्री सह राजपुर विधायक संतोष कुमार निराला प्रमुख रूप से मौजूद रहे।


बैठक में कार्यक्रम को लेकर संगठनात्मक तैयारियों की समीक्षा की गई। साथ ही प्रखंड, पंचायत और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने तथा आम लोगों तक कार्यक्रम का संदेश पहुंचाने के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। इसके लिए सभी प्रखंडों और पंचायतों में बैठक आयोजित करने की जिम्मेदारी कार्यकर्ताओं को दी गई।

बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. अजय सिंह ने कहा कि 24 नवंबर 2005 बिहार के इतिहास में महत्वपूर्ण दिन है। इसी दिन नीतीश कुमार के नेतृत्व में पूर्ण बहुमत की सरकार बनी और राज्य में सुशासन के नए दौर की शुरुआत हुई। उन्होंने सड़क, बिजली, महिला सशक्तीकरण तथा शराबबंदी के साथ दहेज प्रथा और बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ चलाए गए अभियानों का उल्लेख किया।


उन्होंने कहा कि इन विकास कार्यों और सामाजिक बदलावों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जदयू की ओर से राज्य के सभी जिलों में ‘सुशासन दिवस : नीतीश संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। बैठक में कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पूरी सक्रियता के साथ जुटने की अपील की गई।

इस मौके पर जदयू प्रदेश सचिव विनोद राय, अशोक प्रजापति, अरुण कुमार सिंह, नथुनी खरवार, प्रभु गोंड, बबन चौधरी, दिनेश सिंह, वीरेंद्र सिंह लाला, हरेंद्र सिंह, संजय सिंह, मोहन चौधरी, राजीव राय, जितेंद्र कुमार सिंह, विमलेंद्र कुमार पांडेय, अधिवक्ता विनोद सिंह, अनिरुद्ध तिवारी, दुर्गावती देवी, सरिता देवी, उत्तम सिंह सहित पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu