Ad Code

अर्णव चक्रवात से बर्बाद हुई धान की फसल, जनसुराज जिलाध्यक्ष बजरंगी मिश्रा ने सरकार से मांगा मुआवजा


बक्सर । अर्णव चक्रवात के प्रभाव से तेज आंधी और मूसलाधार बारिश के कारण जिले में धान की तैयार फसल को हुए नुकसान से किसानों की चिंता बढ़ गई है। खेतों में पककर तैयार धान की फसल गिरने और जलजमाव के कारण किसानों को भारी आर्थिक क्षति उठानी पड़ रही है। इसको लेकर जनसुराज पार्टी के जिलाध्यक्ष बजरंगी मिश्रा ने राज्य सरकार से प्रभावित किसानों को तत्काल राहत और उचित मुआवजा देने की मांग की है।



उन्होंने कहा कि किसानों ने महीनों की मेहनत और अपनी जमा पूंजी लगाकर धान की फसल तैयार की थी। कई परिवारों ने इसी फसल की आमदनी से बेटियों की शादी, बच्चों की पढ़ाई और बैंक व साहूकारों का कर्ज चुकाने की उम्मीद लगा रखी थी। लेकिन कुछ घंटों की तेज आंधी और बारिश ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। खेतों में गिरी धान की बालियां किसानों की आर्थिक परेशानी बढ़ा रही हैं।

बजरंगी मिश्रा ने कहा कि फसल किसान के लिए केवल अनाज नहीं, बल्कि पूरे परिवार की सालभर की आजीविका का आधार होती है। खेती के लिए बीज, खाद, कीटनाशक, डीजल और सिंचाई पर किसान पहले ही काफी खर्च कर चुके हैं। ऐसे में फसल बर्बाद होने से उनके सामने आर्थिक संकट के साथ अगली खेती के लिए पूंजी जुटाने की चुनौती भी खड़ी हो गई है।


उन्होंने सरकार से मांग की कि प्रभावित गांवों और खेतों में प्रशासनिक टीम भेजकर फसल क्षति का निष्पक्ष एवं पारदर्शी सर्वे कराया जाए। छोटे और सीमांत किसानों के नुकसान का विशेष ध्यान रखते हुए वास्तविक क्षति के अनुरूप मुआवजा दिया जाए। साथ ही पात्र किसानों को फसल बीमा एवं कृषि सहायता का लाभ शीघ्र उपलब्ध कराया जाए।

उन्होंने जलजमाव वाले खेतों से पानी निकालने की तत्काल व्यवस्था करने और अधिक प्रभावित क्षेत्रों के किसानों के लिए विशेष राहत पैकेज घोषित करने की भी मांग की।

बजरंगी मिश्रा ने कहा कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों को केवल आश्वासन नहीं, बल्कि समय पर आर्थिक सहायता की जरूरत है। अन्नदाता की मेहनत और आजीविका बचाने के लिए सरकार को बिना देरी किए राहत एवं मुआवजे की प्रक्रिया शुरू करनी चाहिए।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu