Ad Code

गंगा दिखाने लगी रौद्र रूप: बक्सर में चेतावनी बिंदु पार, खतरे के निशान से महज 15 सेंटीमीटर नीचे जलस्तर


बक्सर । गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से बक्सर में बाढ़ का खतरा गहराने लगा है। मंगलवार को गंगा का जलस्तर 60.17 मीटर दर्ज किया गया, जो चेतावनी बिंदु 59.32 मीटर से काफी ऊपर है और खतरे के निशान 60.32 मीटर से अब महज 15 सेंटीमीटर नीचे रह गया है। जलस्तर में लगातार वृद्धि को देखते हुए जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी कर तटवर्ती और दियारा क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।

बक्सर में गंगा का सर्वोच्च बाढ़ स्तर 62.09 मीटर वर्ष 1948 में दर्ज किया गया था। वर्तमान में नदी के जलस्तर का रुझान लगातार बढ़ता हुआ बताया जा रहा है, जिससे प्रशासन की चिंता बढ़ गई है।






02 सितंबर तक भारी बारिश की चेतावनी

मौसम सेवा केंद्र द्वारा बक्सर जिले में 02 सितंबर तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। संभावित बारिश और गंगा के तेजी से बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने बक्सर, चौसा, सिमरी, चक्की और ब्रह्मपुर के दियारा क्षेत्रों पर विशेष नजर रखनी शुरू कर दी है।

जिला प्रशासन के अनुसार, बाढ़ या किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अंचल स्तर पर जरूरत के अनुसार पर्याप्त संख्या में नावों की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, ताकि आपात स्थिति में लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया जा सके।

तटबंधों पर 24 घंटे निगरानी, SDRF और गोताखोर मुस्तैद

बढ़ते जलस्तर को देखते हुए तटबंधों की सुरक्षा और निगरानी के लिए 24×7 गश्त की व्यवस्था की गई है। संभावित बचाव कार्य के लिए SDRF की टीम और स्थानीय गोताखोरों को भी अलर्ट मोड में रखा गया है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जाएगा।





प्रशासन ने जारी की सुरक्षा अपील

जिला प्रशासन ने लोगों से भारी बारिश और बढ़ते जलस्तर के बीच विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। लोगों को नदी तटों, जलभराव वाले क्षेत्रों और तटबंधों के आसपास अनावश्यक रूप से जाने से बचने की सलाह दी गई है।

प्रशासन ने घाटों पर स्नान करने वाले लोगों से भी गहरे पानी में नहीं जाने की अपील की है। किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई गई नावों और अन्य संसाधनों का उपयोग करने को कहा गया है।

साथ ही लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और बाढ़ एवं मौसम से संबंधित जानकारी के लिए केवल प्रशासन और आधिकारिक स्रोतों द्वारा जारी सूचनाओं पर ही भरोसा करने की अपील की गई है।

गंगा का जलस्तर खतरे के निशान के बेहद करीब पहुंचने और लगातार बढ़ने के कारण बक्सर के तटवर्ती इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। अगले 24 घंटे गंगा के जलस्तर और संभावित बारिश के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।









................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu