डुमरांव । बरसात के बीच डुमरांव शहर की जर्जर हो चुकी NH-120 सड़क की गुरुवार को मरम्मत कराई गई। स्थानीय विधायक राहुल सिंह के प्रयास से बड़ी मशीनों की मदद से घंटों का काम कुछ ही मिनटों में पूरा कराया गया। सड़क पर जगह-जगह बने गड्ढों और जलजमाव से परेशान स्थानीय लोगों को तत्काल राहत मिली है।
डुमरांव के पश्चिमी रेलवे गुमटी से लेकर शहर के अंतिम छोर तक सड़क की स्थिति लंबे समय से बदहाल थी। बारिश के कारण सड़क पर जलजमाव होने से जगह-जगह बड़े गड्ढे बन गए थे, जो राहगीरों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बने हुए थे। स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी थी और लोग लगातार जनप्रतिनिधियों, प्रशासन एवं सरकार से सड़क की मरम्मत की मांग कर रहे थे।
समस्या को देखते हुए विधायक राहुल सिंह ने संबंधित एजेंसी से समन्वय स्थापित कर गुरुवार को सड़क की तत्काल मरम्मत का कार्य कराया। इससे लोगों ने राहत की सांस ली। इससे पहले भी विधायक ने स्थानीय लोगों की परेशानी को देखते हुए अपने निजी कोष से सड़क की अस्थायी मरम्मत कराई थी, लेकिन भारी वाहनों के लगातार परिचालन के कारण वह ज्यादा दिनों तक टिक नहीं सकी।
करीब 19 करोड़ रुपये से होगा स्थायी समाधान :
विधायक राहुल सिंह ने बताया कि फिलहाल सड़क की मरम्मत अस्थायी तौर पर कराई गई है। उन्होंने कहा कि उनके प्रयास से पुराना भोजपुर चौक से डुमरेजनी मंदिर गेट तक NH-120 के करीब 5 किलोमीटर लंबे डुमरांव मेन रोड के नवनिर्माण, सुदृढ़ीकरण एवं उन्नयन के लिए लगभग 19 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति मिल चुकी है।
विधायक के अनुसार जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है और आने वाले कुछ महीनों में सड़क के स्थायी विकास का काम धरातल पर नजर आने लगेगा। प्रस्तावित परियोजना के तहत सड़क के दोनों किनारों पर नालों का भी निर्माण कराया जाएगा। इससे जलनिकासी की समस्या दूर होने के साथ ही सड़क पर जलजमाव से भी राहत मिलने की उम्मीद है।
विधायक ने कहा कि सड़क के स्थायी निर्माण और नालों के निर्माण के बाद डुमरांव शहर में आवागमन अधिक सुरक्षित और सुगम होगा तथा लोगों को लंबे समय से चली आ रही परेशानी से स्थायी निजात मिल सकेगी।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...



















0 Comments