Ad Code

दांपत्य जीवन की पवित्रता से ही दिव्य संतान की उत्पत्ति : प्रेमाचार्य पीताम्बर जी महाराज


बक्सर । श्रीरामेश्वरनाथ मंदिर, रामरेखाघाट में आयोजित संगीतमयी श्रीराम कथा के दौरान रविवार को प्रेमाचार्य पीताम्बर जी महाराज ने श्रीराम-सीता विवाह प्रसंग का भावपूर्ण वर्णन किया। कथा के दौरान उन्होंने कहा कि दांपत्य जीवन की पवित्रता, संस्कार और पारिवारिक वातावरण से ही दिव्य संतान का निर्माण होता है। बच्चों में अच्छे संस्कार विकसित करना माता-पिता की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।





कथा व्यास ने कहा कि राजा दशरथ के आदेश और गुरुजनों की कृपा से भगवान श्रीराम अल्प समय में ही विद्या और विभिन्न गुणों में पारंगत हो गए। सीता स्वयंवर प्रसंग का वर्णन करते हुए उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम ने अहंकार रूपी धनुष का मर्दन किया, जबकि माता सीता ने मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम का वरण कर मर्यादित जीवन का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जहां सच्चा स्नेह होता है, वहां मिलन में कोई संदेह नहीं रहता।

पुष्प वाटिका प्रसंग सुनाते हुए प्रेमाचार्य ने बताया कि विश्वामित्र के साथ राम और लक्ष्मण जब पुष्प लेने जनक की वाटिका पहुंचे, उसी दौरान सीता जी की नजर भगवान श्रीराम पर पड़ी। सीता जी ने उन्हें पति रूप में पाने की कामना से माता गौरी की पूजा की। इसके बाद धनुष यज्ञ में अनेक महाबली राजाओं के असफल होने के बाद भगवान श्रीराम ने शिव धनुष को भंग कर माता सीता से विवाह किया। कथा में परशुराम संवाद का भी संगीतमयी प्रस्तुतीकरण किया गया।





राम-सीता विवाह प्रसंग के दौरान कथा पंडाल में श्रद्धालु भावविभोर होकर झूम उठे। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक कन्यादान कर धर्मलाभ अर्जित किया। महाराज ने अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से घर की आरती में शामिल कराने की अपील की, ताकि उनमें भक्ति, अनुशासन और अच्छे संस्कार विकसित हों।

उन्होंने कहा कि जहां श्रीराम कथा का आयोजन होता है, वह स्थान दिव्यता से भर जाता है। कथा श्रवण से मनुष्य के दैहिक ताप दूर होते हैं तथा जीवन में सत्य, धैर्य, मधुरता और उदारता का संचार होता है।

कार्यक्रम में समाजसेवी हिमांशु चतुर्वेदी, डॉ. प्रभास चतुर्वेदी, नंदकुमार तिवारी, वरिष्ठ पत्रकार डॉ. शशांक शेखर उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। आयोजन को सफल बनाने में जय भोलेनाथ ग्रुप एवं पंडा समाज का सक्रिय योगदान रहा।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu