बक्सर । जिले की जासो-नदाव सड़क की बदहाली को लेकर जनसुराज पार्टी के जिला अध्यक्ष बजरंगी मिश्रा के आंदोलन का असर अब दिखाई देने लगा है। लंबे समय से जर्जर सड़क और जगह-जगह बने गहरे गड्ढों के कारण लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। बारिश के बाद सड़क पर जलजमाव की स्थिति और भयावह हो गई थी, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया था।
सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों में भी नाराजगी है। लोगों का आरोप है कि विधानसभा चुनाव के दौरान सड़क निर्माण का आश्वासन दिया गया था, लेकिन चुनाव जीतने के बाद भी इस दिशा में अपेक्षित पहल नहीं हुई। इसी को लेकर लोगों में स्थानीय विधायक आनंद मिश्रा के प्रति भी नाराजगी देखी जा रही है।
बीते दिनों जनसुराज जिलाध्यक्ष बजरंगी मिश्रा ने सड़क के बीच जलजमाव में बैठकर विरोध प्रदर्शन किया था। इस दौरान उन्होंने सड़क की बदहाली और जनप्रतिनिधियों की कथित उदासीनता को लेकर सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा था कि सड़क की स्थिति ऐसी है कि रोजाना लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है और जिम्मेदार लोगों को इसका संज्ञान लेना चाहिए।
इधर, बुधवार को सड़क पर बने गड्ढों में ईंट के टुकड़े डालकर उन्हें भरने की कवायद शुरू की गई। इसे जिला प्रशासन की ओर से तत्काल राहत देने की पहल माना जा रहा है। हालांकि, जनसुराज जिलाध्यक्ष ने मौके पर पहुंचकर कार्य का जायजा लिया और कहा कि गड्ढों में ईंट डालना फिलहाल लोगों को कुछ राहत दे सकता है, लेकिन सड़क की स्थायी समस्या का समाधान नहीं है।
मौके पर पहुंचे बजरंगी मिश्रा ने सड़क पर चल रहे कार्य के लिए जिला प्रशासन का धन्यवाद करते हुए आभार जताया। साथ ही उन्होंने सदर विधायक आनंद मिश्रा पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सड़क की बदहाली लंबे समय से लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है और स्थायी समाधान के लिए सड़क का समुचित निर्माण आवश्यक है।
जनसुराज जिलाध्यक्ष ने कहा कि प्रशासन द्वारा तत्काल राहत के लिए उठाया गया कदम स्वागत योग्य है, लेकिन सड़क के पूर्ण निर्माण की दिशा में ठोस पहल होनी चाहिए, ताकि लोगों को बार-बार गड्ढों और जलजमाव से जूझना न पड़े।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...



















0 Comments