बक्सर । स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं सामाजिक समरसता की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से गुरुवार को बक्सर प्रखंड की दलसागर पंचायत में साइकिल रैली एवं तिरंगा यात्रा निकाली गई। जिला पदाधिकारी आईएएस साहिला के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में जिला स्तरीय पदाधिकारियों एवं कर्मियों के साथ स्थानीय जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
तिरंगा हाथों में लेकर बड़ी संख्या में लोग यात्रा में शामिल हुए। देशभक्ति के नारों के साथ निकली रैली से पूरा वातावरण राष्ट्रप्रेम की भावना से ओत-प्रोत हो गया। युवाओं समेत ग्रामीणों में कार्यक्रम को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी साहिला ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। स्वतंत्रता दिवस हमें स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करने के साथ राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन आमजनों, विशेषकर युवाओं में राष्ट्रप्रेम और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने जिलेवासियों से स्वतंत्रता दिवस को उत्साहपूर्वक मनाने तथा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की भावना के अनुरूप राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को मजबूत करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों ने राष्ट्र की एकता एवं अखंडता बनाए रखने तथा देश के विकास में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।
इस मौके पर उप विकास आयुक्त, सहायक समाहर्ता, अपर समाहर्ता सहित जिला स्तरीय पदाधिकारी, कर्मी एवं अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...



















0 Comments