बक्सर । गुरुवार को डी.के. कॉलेज, डुमरांव में प्रज्ञालय भवन एवं सभागार का भव्य अनावरण किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय, आरा के कुलपति प्रो. शैलेंद्र कुमार चतुर्वेदी ने दोनों भवनों का विधिवत अनावरण किया। इस अवसर पर डुमरांव विधानसभा क्षेत्र के जदयू विधायक राहुल कुमार सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के पूर्व कुलसचिव प्रो. धीरेन्द्र कुमार सिंह, एमवी कॉलेज बक्सर के प्राचार्य प्रो. के.के. सिंह, सुमित्रा महिला महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. शोभा सिंह तथा विश्वविद्यालय के सीनेट सदस्य डॉ. प्रो. विनोद कुमार सिंह सहित महाविद्यालय के शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. शैलेंद्र कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि बिहार के प्रतिभाशाली छात्र-छात्राएं देश की विभिन्न संस्थाओं के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना उच्च शिक्षा संस्थानों की प्राथमिकता होनी चाहिए। प्रज्ञालय भवन एवं सभागार से महाविद्यालय के विद्यार्थियों को अध्ययन, शैक्षणिक गतिविधियों और विभिन्न कार्यक्रमों के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी।
विधायक राहुल कुमार सिंह ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में आधारभूत संरचनाओं का विकास समाज और क्षेत्र के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने डी.के. कॉलेज में नए भवनों के निर्माण को विद्यार्थियों के हित में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए महाविद्यालय के विकास में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
वहीं, सीनेट सदस्य डॉ. प्रो. विनोद कुमार सिंह ने कहा कि प्रज्ञालय भवन एवं सभागार महाविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों को नई दिशा देने में सहायक साबित होंगे। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाएं मिलने से उनकी प्रतिभा को निखरने का बेहतर अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय परिवार की ओर से अतिथियों का स्वागत किया गया। नए भवनों के अनावरण को लेकर कॉलेज के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल रहा।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...



















0 Comments