बक्सर । डुमरांव मुख्य सड़क के निर्माण और शहर की अन्य समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर स्वयं शक्ति संगठन के बैनर तले युवाओं द्वारा चलाए जा रहे अनिश्चितकालीन धरने के समर्थन में बिहार कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. स्नेहाशीष वर्धन पहुंचे। इस दौरान उन्होंने जनप्रतिनिधियों पर जनसमस्याओं की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि बड़बोले जनप्रतिनिधि विकास में बाधक बन चुके हैं। उन्हें अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए राज्य सरकार पर जमीन अधिग्रहण और बाईपास निर्माण के लिए दबाव बनाना चाहिए।
डॉ. वर्धन ने कहा कि वर्तमान दौर में जनसमस्याओं के समाधान से अधिक कुछ जनप्रतिनिधि सोशल मीडिया पर खुद को जननेता के रूप में स्थापित करने में लगे हैं। इससे जनता के वास्तविक मुद्दे गौण हो रहे हैं और सरकार एवं जनता के बीच संवाद की स्थिति कमजोर हुई है। उन्होंने कहा कि जनता की वाजिब मांगों को लगातार दरकिनार किया जा रहा है और चुनाव के दौरान किए गए वादे जमीनी स्तर पर दिखाई नहीं दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि डुमरांव की मुख्य सड़क की स्थिति बेहद खराब है। पहले से चयनित योजनाओं में तेजी लाकर जमीन का अधिग्रहण कराया जाना चाहिए था, ताकि बाईपास का निर्माण जल्द शुरू हो सके। केंद्र से राशि उपलब्ध होने के बावजूद राज्य सरकार द्वारा जमीन अधिग्रहण के मामले को लंबित रखना चिंता का विषय है। उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों से केंद्र और राज्य सरकार के बीच समन्वय स्थापित कर इस समस्या का शीघ्र समाधान कराने की मांग की।
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि जिस सड़क को स्टेट हाईवे से नेशनल हाईवे में परिवर्तित किया गया, उसकी स्थिति ग्रामीण सड़क से भी बदतर हो गई है। ऐसे में प्रशासन को तत्काल सड़क की मरम्मत कराकर आवागमन सुचारू करना चाहिए और दीर्घकालिक समाधान के लिए बाईपास निर्माण की प्रक्रिया में तेजी लानी चाहिए।
पांच सूत्री मांगों का किया समर्थन
डॉ. वर्धन ने स्वयं शक्ति संगठन की पांच सूत्री मांगों का समर्थन करते हुए कहा कि ये मांगें सीधे आम लोगों की सुविधाओं से जुड़ी हैं। संगठन की प्रमुख मांगों में एनएच-120 पर शीघ्र निर्माण कार्य शुरू करना, राज हाईस्कूल खेल मैदान से जलजमाव की समस्या दूर कर सौंदर्यीकरण कराना, जंगली शिव मंदिर मार्ग को आवागमन योग्य बनाना, बाईपास निर्माण में तेजी लाना तथा अनुमंडल से ढकाईच जाने वाले मार्ग को दुरुस्त करना शामिल है।
धरने पर बैठे स्वयं शक्ति संगठन के धीरज मिश्र और राजन तिवारी ने चेतावनी दी कि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो अगले दिन से भूख हड़ताल शुरू की जाएगी। संगठन ने सक्षम अधिकारियों से धरनास्थल पर पहुंचकर मांगों को सुनने और समाधान की दिशा में तत्काल पहल करने की मांग की।
धरने के दौरान विभिन्न संगठनों के स्थानीय नेताओं ने भी डुमरांव की सड़क और अन्य जनसमस्याओं का समर्थन किया। इस दौरान अम्बरीश पाठक, छात्र नेता रंजन ओझा, मनीष मिश्र, बिट्टू चौधरी, शौर्य केशरी, रंजीत यादव, पीयूष उपाध्याय, अशोक राय, मनोज राय, कल्याण तिवारी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...



















0 Comments