बक्सर । बक्सर-इटाढ़ी मार्ग स्थित रेलवे गुमटी को दोबारा आम लोगों के आवागमन के लिए खोलने की कवायद के बीच बहुजन शोषित समाज संघर्ष समिति (बहुजन सेना) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल कुमार ने सांसद सुधाकर सिंह और सदर विधायक आनंद मिश्रा पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि रेलवे गुमटी बंद होने और नवनिर्मित आरओबी के क्षतिग्रस्त होने से लंबे समय से आम लोगों, किसानों, दैनिक कामगारों और स्कूली छात्रों को परेशानी उठानी पड़ रही है। स्थानीय सांसद और विधायक सिर्फ रील बाजी कर रहे हैं, काम नहीं। जनता को बेवकूफ बना रहे हैं।
अनिल कुमार ने कहा कि 30 मई को इटाढ़ी रोड स्थित समपार फाटक संख्या-70 को स्थायी रूप से बंद कर दिया गया था। इसके विकल्प में बनाए गए आरओबी के क्षतिग्रस्त होने के बाद पांच जून से वह भी बंद है। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह में गुमटी खोलने की प्रक्रिया पूरी होने की बात कही जा रही है, जबकि आरओबी की मरम्मत पूरी होने की समयसीमा को लेकर अब तक स्पष्टता नहीं है। ऐसी स्थिति में आम लोगों की परेशानी को देखते हुए रेलवे और राज्य सरकार को तत्काल ठोस कदम उठाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सांसद सुधाकर सिंह की ओर से गुमटी खोलने की सैद्धांतिक अनुमति मिलने की जानकारी दी गई है, वहीं विधायक आनंद मिश्रा ने दिल्ली में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और रेलवे के महाप्रबंधक मनोज कुमार दुबे से मुलाकात कर गुमटी खोलने की मांग रखने की बात कही है। अनिल कुमार ने कहा कि यदि दोनों जनप्रतिनिधि पहले रील बनाना बंद करें और काम पर ध्यान दें। अब जनता यह देखना चाहती है कि वास्तव में गुमटी कब खुलती है और आरओबी की मरम्मत कब पूरी होती है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर श्रेय लेने की बजाय जनहित में काम का परिणाम जमीन पर दिखना चाहिए।
बहुजन सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि बक्सर स्टेशन की आवश्यक सुविधाओं और पुराने-जर्जर संसाधनों को बदलने की मांग भी गंभीर विषय है। उन्होंने रेलवे से इन समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग की। अनिल कुमार ने कहा कि बक्सर की जनता लंबे समय से यातायात और रेलवे से जुड़ी समस्याओं का सामना कर रही है। जनप्रतिनिधियों को आपसी श्रेय की राजनीति छोड़कर एकजुट होकर जनता को राहत दिलाने का काम करना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि इटाढ़ी रोड की रेलवे गुमटी जल्द आम आवागमन के लिए खुलेगी और लोगों को जाम तथा अनावश्यक चक्कर से राहत मिलेगी। हम भी इस मामले में प्रयासरत हैं और अधिकारियों से मिलकर अविलंब आर ओ बी निर्माण को सुनिश्चित करने का प्रयास कर रहे हैं।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...



















0 Comments