बक्सर । स्वतंत्रता दिवस 2026 के अवसर पर किला मैदान में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को जिला पदाधिकारी साहिला एवं पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने किला मैदान पहुंचकर परेड के पूर्वाभ्यास सहित समारोह की तैयारियों का संयुक्त निरीक्षण किया।
सुबह 8:45 बजे हुए निरीक्षण के दौरान डीएम एवं एसपी ने परेड के पूर्वाभ्यास का जायजा लिया। इस दौरान विभिन्न दलों के मार्च-पास्ट, कदमताल, अनुशासन, वेशभूषा और आपसी समन्वय का अवलोकन किया गया। अधिकारियों ने संबंधित पदाधिकारियों को सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान मुख्य समारोह के लिए बनाए जा रहे मंच, बैरिकेडिंग, दर्शक दीर्घा, बैठने की व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास मार्ग, यातायात प्रबंधन, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, ध्वनि प्रसारण प्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की गई।
डीएम साहिला ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ तैयारियां पूरी करने का निर्देश देते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय गौरव और सम्मान का पर्व है। समारोह की सभी व्यवस्थाएं निर्धारित प्रोटोकॉल एवं गरिमा के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने समारोह स्थल पर स्वच्छता, सुरक्षा, पेयजल, बिजली समेत अन्य मूलभूत सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने देने का निर्देश दिया।
वहीं, एसपी शुभम आर्य ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति, प्रवेश-निकास मार्गों पर सुरक्षा प्रबंध और यातायात के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान विधि-व्यवस्था के साथ आम नागरिकों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
जिला प्रशासन की ओर से स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह को भव्य, सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...



















0 Comments