Ad Code

बक्सर में बदहाल सड़क के खिलाफ जन सुराज का अनोखा विरोध, पानी भरे गड्ढे में बैठकर जिलाध्यक्ष ने दिया धरना


बक्सर । गोलंबर से जासो और नदांव होते हुए डुमरांव को जोड़ने वाली जर्जर सड़क की बदहाली के खिलाफ जन सुराज पार्टी ने रविवार को अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। जासो स्थित शिव मंदिर के सामने सड़क पर बने गड्ढों में बारिश का पानी जमा था। इसी पानी के बीच बैठकर जन सुराज के जिलाध्यक्ष बजरंगी मिश्रा ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ करीब दो घंटे तक सांकेतिक मौन धरना दिया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने भी प्रदर्शन को समर्थन दिया और सड़क की बदहाली को लेकर आक्रोश जताया।





धरने के दौरान जिलाध्यक्ष बजरंगी मिश्रा ने सदर विधायक आनंद मिश्रा पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान विधायक ने दो महीने के भीतर इस सड़क का निर्माण कराने का वादा किया था और सड़क की बदहाली को चुनावी मुद्दा भी बनाया था। उन्होंने कहा कि विडंबना यह है कि विधायक का कार्यालय भी इसी सड़क के किनारे स्थित है, इसके बावजूद सड़क की स्थिति में सुधार नहीं हुआ।

बजरंगी मिश्रा ने कहा कि चुनाव के समय विकास के बड़े-बड़े दावे किए गए थे, लेकिन आज बक्सर की जनता गड्ढों और जलजमाव से परेशान है। उन्होंने कहा कि यदि विधायक सड़क का निर्माण कराने में असमर्थ हैं तो उन्हें अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि यदि विधायक निधि में राशि की कमी है तो वे स्वयं 5,000 रुपये का योगदान देंगे और जरूरत पड़ने पर जनता से चंदा जुटाकर सड़क निर्माण की पहल करेंगे।




जन सुराज जिलाध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि एक महीने के भीतर सड़क निर्माण का कार्य शुरू नहीं हुआ तो पार्टी आंदोलन को और तेज करेगी।

वहीं जन सुराज के लोकसभा प्रभारी दिवाकर पाठक ने कहा कि इस सड़क पर चलना लोगों के लिए किसी मुसीबत से कम नहीं है। उन्होंने दावा किया कि सड़क के गड्ढों में आए दिन बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं गिरकर चोटिल होते हैं, लेकिन स्थानीय जनप्रतिनिधि इस समस्या के प्रति गंभीर नहीं हैं।

धरने के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौजूद रहे और जन सुराज के प्रदर्शन को अपना समर्थन दिया। कार्यक्रम में धनजी पांडे, विजय पाठक, धनजी उपाध्याय, नीरज सिंह, प्रभाकर, भुवनेश्वर, अजीत लाल समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग शामिल हुए।









................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu