“सेव वाटर, सेव लाइफ” और “एक पेड़ माँ के नाम” जैसे संदेशों से सजी मेहंदी डिजाइन
बक्सर । राजपुर प्रखंड के उर्दू प्राथमिक विद्यालय खीरी में छात्र-छात्राओं के बीच मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कक्षा 3, 4 एवं 5 के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी कला और रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बच्चों ने मेहंदी के माध्यम से जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
प्रतियोगिता के दौरान बच्चों ने अपनी हथेलियों पर आकर्षक मेहंदी डिजाइन के साथ “Save Water, Save Life”, “एक पेड़ माँ के नाम” एवं “जल-जीवन-हरियाली” जैसे सार्थक और प्रेरणादायक संदेश उकेरे। इसके माध्यम से जल बचाने, अधिक से अधिक पेड़ लगाने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने का संदेश दिया गया।
प्रतियोगिता में शबनम खातून ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि ख्वाहिश परवीन द्वितीय और नुरेशा खातून तृतीय स्थान पर रहीं। विजेता छात्राओं सहित सभी प्रतिभागियों की रचनात्मकता की शिक्षकों ने सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधान शिक्षक धनंजय, वरीय शिक्षक सौलत महमूद खान सहित शिक्षक गौरव यदुवंशी, जमशेद आलम, शमशाद आलम, शाइस्ता परवीन एवं जावेद खान उपस्थित रहे।
प्रधान शिक्षक धनंजय ने कहा कि इस प्रकार की रचनात्मक गतिविधियों से बच्चों में कला के प्रति रुचि, आत्मविश्वास तथा जल एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता विकसित होती है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ बच्चों को सामाजिक और पर्यावरणीय सरोकारों से जोड़ना भी आवश्यक है।
उत्साहपूर्ण एवं प्रेरणादायक वातावरण में आयोजित यह प्रतियोगिता बच्चों के लिए अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का एक सशक्त माध्यम बनी।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...



















0 Comments