Ad Code

वीर कुंवर सिंह सेतु से युवक ने गंगा में लगाई छलांग, पिता के सामने ही कूदा; तलाश में जुटी पुलिस


बक्सर में बिहार को उत्तर प्रदेश से जोड़ने वाले पुराने वीर कुंवर सिंह सेतु पर शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 22 वर्षीय युवक ने गंगा नदी में छलांग लगा दी। घटना की सूचना मिलते ही बक्सर गोलंबर पोस्ट की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। युवक के नदी में कूदने के बाद पुल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।




प्राप्त जानकारी के अनुसार, नरही थाना क्षेत्र के टुटवारी गांव निवासी श्याम नारायण पासवान का 22 वर्षीय पुत्र श्रीकांत पासवान अपने पिता से किसी बात को लेकर नाराज था। बताया जा रहा है कि श्याम नारायण पासवान भरौली में खाद-बीज की दुकान पर काम करते हैं। इसी दौरान श्रीकांत ने अपने पिता को फोन कर गंगा नदी में कूदने की बात कही।

बेटे की बात सुन बाइक से पुल की ओर भागे पिता

बेटे की बात सुनते ही श्याम नारायण पासवान घबरा गए और बाइक से वीर कुंवर सिंह सेतु की ओर निकल पड़े। उनका प्रयास था कि बेटे को समझाकर किसी तरह सुरक्षित घर वापस ले आएं।

बताया गया कि पुल पर पहुंचने के बाद पिता ने बेटे को करीब 100 मीटर की दूरी पर देखा। इसी दौरान रास्ते में उनकी बाइक का तेल खत्म हो गया। पिता बाइक छोड़कर बेटे की ओर बढ़े ही थे कि श्रीकांत ने उन्हें अपनी तरफ आते देख लिया।




पिता को आते देख गंगा में लगा दी छलांग

प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, पिता को अपनी ओर आता देख श्रीकांत ने कथित तौर पर गंगा नदी में छलांग लगा दी। अचानक हुई इस घटना से पुल पर अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।

घटना की सूचना बक्सर गोलंबर पोस्ट पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों व प्रत्यक्षदर्शियों से घटना की जानकारी ली।

युवक की तलाश में जुटी पुलिस

गोलंबर पोस्ट प्रभारी रोहित कुमार ने बताया कि गंगा नदी में युवक के कूदने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई। युवक की तलाश को लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

घटना के बाद से युवक के परिवार में मातम का माहौल है। पुलिस पूरे मामले की जांच करते हुए परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी जुटा रही है।









................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu