बक्सर । स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से डाक मंडल, बक्सर की ओर से गुरुवार को शहर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा का नेतृत्व डाक अधीक्षक कुमारी सरिता ने किया।
तिरंगा यात्रा बक्सर प्रधान डाकघर से शुरू होकर शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों एवं बाजारों से होकर गुजरी। यात्रा में डाक विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ विद्यालयों के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने भी उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। हाथों में तिरंगा लिए बच्चों और डाककर्मियों की मौजूदगी से पूरा शहर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। इस दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से वातावरण गूंजता रहा।
तिरंगा यात्रा के माध्यम से लोगों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के प्रति जागरूक किया गया। डाक विभाग ने नागरिकों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों में राष्ट्रीय ध्वज फहराने तथा तिरंगे के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना को मजबूत करने की अपील की।
इस मौके पर सहायक डाक अधीक्षक (मुख्यालय) पुष्पेंद्र कुमार, शिकायत निरीक्षक आदित्य राज, बक्सर प्रधान डाकघर के पोस्टमास्टर प्रेम चंद कुमार समेत डाक मंडल एवं डाकघर के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। विद्यालयों के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों की सहभागिता ने यात्रा को और आकर्षक बना दिया।
राखी मेल की बुकिंग पर 10 प्रतिशत की विशेष छूट
डाक अधीक्षक कुमारी सरिता ने डाक विभाग की जनोपयोगी सेवाओं की जानकारी देते हुए बताया कि राखी मेल में राखी की बुकिंग पर 10 प्रतिशत की विशेष छूट दी जा रही है। उन्होंने कहा कि डाक विभाग के माध्यम से लोग अपने भाई-बहनों तक राखी सुरक्षित एवं सुविधाजनक तरीके से भेज सकते हैं।
उन्होंने बताया कि डाकघरों में गंगाजल, राष्ट्रीय ध्वज और राखी लिफाफा भी उपलब्ध कराया जा रहा है। 250 मिलीलीटर गंगाजल 30 रुपये, राष्ट्रीय ध्वज 25 रुपये और राखी लिफाफा 10 रुपये में उपलब्ध है।
डाक अधीक्षक ने नागरिकों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति सम्मान एवं देशभक्ति की भावना व्यक्त करने की अपील की। तिरंगा यात्रा के जरिए डाक विभाग ने देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता, अखंडता और जनसेवा का संदेश देते हुए स्वतंत्रता दिवस को पूरे उत्साह एवं गौरव के साथ मनाने का आह्वान किया।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...



















0 Comments