बक्सर । रेलवे क्रॉसिंग, इटाढ़ी के समीप स्थित ग्लोबल विजडम स्कूल में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह उत्साह, उमंग और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की प्रधानाचार्या निशा राय के स्वागत भाषण से हुई। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, समय पालन, पाठ्यक्रम और सफलता के महत्वपूर्ण बिंदुओं पर मार्गदर्शन दिया।
इसके बाद विद्यालय परिसर में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यार्थियों ने हिंदी, संस्कृत और अंग्रेजी तीनों भाषाओं में प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इसके बाद आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों का मन मोह लिया।
विद्यार्थियों ने स्वतंत्रता सेनानी नाटक, वंदे मातरम्, चाणक्य क्लासिकल डांस, मां भवानी नृत्य, महादेव नृत्य, आर्मी थीम किड्स डांस, ‘हर मैदान फतह’, ‘आई लव इंडिया’, ‘देश मेरे देश’, आर्मी थीम डांस, झांसी की रानी, तिरंगा डांस, ‘आन-बान और शान’, दांडी मार्च, देशभक्ति रीमिक्स, लगान डांस, ‘सारे जहां से प्यारा’, ‘झूमे जो पठान’, ‘बढ़ते चलो’, जगन डांस, ‘सुरमे दानी’, हेल्पर एक्ट्स और ‘आओ साथ-साथ हमारे’ सहित विभिन्न प्रस्तुतियां दीं। नन्हे बच्चों से लेकर बड़े विद्यार्थियों तक सभी ने अपनी प्रस्तुति से दर्शकों को खूब प्रभावित किया।
विद्यालय के निदेशक प्रकाश पांडे ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को अनुशासन और समय के महत्व का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता के लिए अनुशासन और समय का पालन बेहद जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए प्रधानाचार्या और शिक्षकों को कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए धन्यवाद दिया। साथ ही बच्चों और अभिभावकों को पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधरोपण करने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह का मुख्य उद्देश्य बच्चों में देशभक्ति की भावना विकसित करना, पढ़ाई के साथ व्यावहारिक गतिविधियों पर जोर देना और विद्यार्थियों को भारत के इतिहास, उपलब्धियों तथा विकास यात्रा से परिचित कराना है। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को यह समझाने का प्रयास किया गया कि स्वतंत्रता के बाद भारत ने विभिन्न क्षेत्रों में कितनी प्रगति की है।
समारोह को सफल बनाने में प्रधानाचार्या निशा राय, विद्यालय के शिक्षक, अभिभावक एवं विद्यार्थियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर देशभक्ति के नारों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से गूंजता रहा।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...



















0 Comments