शिविर में अव्यवस्था का आरोप, कई रक्तदाताओं को निराश होकर लौटना पड़ा
बक्सर । जश्न-ए-ईद मिलाद के मुबारक अवसर पर सामाजिक संस्था ब्लड बक्सर की ओर से मंगलवार को रक्तदान महादान एवं रक्तदान जागरूकता अभियान के तहत रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। दरिया शहीद दादा के समीप आयोजित शिविर में कुल 32 रक्तवीरों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता और समाजसेवा का संदेश दिया।
शिविर का उद्घाटन सदर अनुमंडल पदाधिकारी अविनाश कुमार, सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गौरव पांडेय, रेड क्रॉस के चेयरमैन सुरेश अग्रवाल, नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि नेमतुल्लाह फरीदी, तपेश्वरी देवी ब्लड सेंटर के निदेशक मेजर पी. के. पांडेय तथा ओम जी यादव ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर निसार अहमद, अमजद अली, स्नेहाशीष हर्षवर्धन सहित ब्लड बक्सर के आदिल खान, नसीम नायक, प्रियेश, सुमित मानसिंहका, शादाब आलम, सफी अली, अमन अली, शहाबुद्दीन खान समेत कई लोग उपस्थित रहे।
रक्तदान करने वालों में नुरूल होदा, तस्लीम अहमद, आकाश दीप, आदित्य केशरी, संजय कुमार सिंह, मो. शहबाज, अनीश प्रसाद, शाहरुख खान, शादाब आलम, अहमद, सुनील वर्मा, सिराजुल खान, मो. कयामुद्दीन सहित अन्य रक्तवीर शामिल रहे।
अव्यवस्था के कारण कई रक्तदाताओं को लौटना पड़ा वापस
ब्लड बक्सर के सदस्यों ने आरोप लगाया कि शिविर में रक्तदान के लिए 50 से अधिक लोग पहुंचे थे, लेकिन सदर अस्पताल प्रशासन की ओर से पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गई। संस्था के अनुसार, शिविर में महज एक टेक्नीशियन और एक काउंसलर को भेजा गया, जिससे रक्तदान की प्रक्रिया धीमी हो गई और कई इच्छुक रक्तदाताओं को निराश होकर वापस लौटना पड़ा।
आयोजकों का यह भी आरोप है कि शिविर में चिकित्सक की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण कुछ रक्तदाताओं की तबीयत बिगड़ने पर परेशानी का सामना करना पड़ा। संस्था ने शिविर में हुई अव्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए रक्तदान जैसे सामाजिक कार्यों के लिए भविष्य में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और पर्याप्त चिकित्सकीय व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की है।
आयोजकों ने कहा कि रक्तदान शिविर को सफल बनाने के लिए बड़ी संख्या में लोग उत्साह के साथ पहुंचे थे। बावजूद इसके, सीमित संसाधनों और कर्मियों की कमी के कारण सभी इच्छुक रक्तदाताओं का रक्तदान नहीं कराया जा सका।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...



















0 Comments