बक्सर । नया भोजपुर स्थित फेयर प्राइस डीलर्स एसोसिएशन के कार्यालय में सोमवार को जिला कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार यादव ने की, जबकि संचालन हरेन्द्र पासवान ने किया। बैठक में बिहार के करीब 55 हजार जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकानदारों की लंबित मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार बैठक में पहुंचे डॉ. मनोज कुमार यादव का विक्रेता साथियों ने बुके, चादर एवं माला पहनाकर स्वागत किया।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार यादव ने कहा कि पीडीएस दुकानदार वर्षों से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इसके बावजूद उनकी समस्याओं का अपेक्षित समाधान नहीं हो सका है। उन्होंने सभी पीडीएस दुकानदारों को 30 हजार रुपये मासिक मानदेय देने तथा अनुकंपा नियुक्ति की सीमा समाप्त करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए डोर-स्टेप डिलीवरी व्यवस्था को समाप्त कर दुकानदारों को स्वयं गोदाम से खाद्यान्न उठाने की अनुमति दी जाए। साथ ही सरकार द्वारा निर्धारित परिवहन व्यय का भुगतान भी किया जाए। उन्होंने गोदाम अथवा वितरण स्थल के किराये, बिजली बिल, पीओएस मशीन की मरम्मत एवं खाद्यान्न वितरण से जुड़े अन्य खर्चों का वहन सरकार द्वारा किए जाने की भी मांग रखी।
बैठक में सर्वसम्मति से कंट्रोल एक्ट 2016 में आवश्यक संशोधन कर पीडीएस दुकानदारों के हित में नया कानून बनाने की मांग की गई। संगठन को और मजबूत करने के लिए वर्ष 2026-27 में युद्धस्तर पर सदस्यता अभियान चलाने का निर्णय भी लिया गया।
बैठक में अंबिका यादव, कपिलमुनी ठाकुर, ललन यादव, शिवनारायण यादव, सुनील कुमार सिंह, हृदयनारायण सिंह, श्रीनिवास राय, सुरेंद्र प्रसाद, योगेंद्र नाथ दुबे, सुभाष राम, विनोद यादव, अंजनी लाला, पूर्णिमा देवी, वैद्यनाथ यादव, अश्वनी कुमार सिंह, कृष्ण प्रताप सिंह, विश्वामित्र पासवान, सिकंदर यादव, गीता देवी, बसंत राय, रमाशंकर प्रसाद, विनोद पासवान, रामदयाल राय, हरिनारायण यादव, रामनिवास राम, हरेन्द्र पासवान, विजय कुमार गुप्ता, अशोक यादव, गुलाब रजक, दशरथ कुमार, रामचंद्र महतो, कामेश्वर सिंह, रामचंद्र पासवान, अश्विनी सिंह, जोगिंदर झा समेत बड़ी संख्या में पीडीएस दुकानदार एवं संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...



















0 Comments