बक्सर । महार्षि विश्वामित्र महाविद्यालय, बक्सर में बी.बी.ए. (बैचलर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन) पाठ्यक्रम की रिक्त सीटों पर नामांकन के लिए विद्यार्थियों को अंतिम अवसर दिया गया है। महाविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इच्छुक एवं पात्र विद्यार्थी 01 सितंबर 2026 को दोपहर 2 बजे तक ही नामांकन की प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे। इसके बाद बी.बी.ए. में नामांकन पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा।
महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार, वैसे विद्यार्थी जिन्होंने वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय के समर्थ पोर्टल पर नामांकन के लिए पंजीकरण कराया है और अपनी वरीयता सूची में महार्षि विश्वामित्र महाविद्यालय, बक्सर को प्रथम से दसवीं वरीयता के बीच चुना है, वे रिक्त सीटों पर नामांकन के लिए पात्र होंगे।
रिक्त सीटों पर प्रवेश साक्षात्कार के आधार पर किया जाएगा। इच्छुक विद्यार्थियों से अपील की गई है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के लिए महाविद्यालय पहुंचें।
महाविद्यालय प्रशासन ने बताया कि बी.बी.ए. पाठ्यक्रम विशेष रूप से उन विद्यार्थियों के लिए उपयोगी है, जो फाइनेंस, मैनेजमेंट और बिजनेस के क्षेत्र में अपना करियर बनाना चाहते हैं। महाविद्यालय में नियमित कक्षाओं के साथ विद्यार्थियों के व्यावसायिक कौशल, व्यक्तित्व विकास और नेतृत्व क्षमता को निखारने पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है।
इसके लिए समय-समय पर सेमिनार, ओरिएंटेशन कार्यक्रम, कार्यशाला और वार्षिक खेल गतिविधियों सहित विभिन्न शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
महाविद्यालय प्रशासन ने गंभीर एवं इच्छुक विद्यार्थियों से इस अंतिम अवसर का लाभ उठाने की अपील की है। प्रशासन ने स्पष्ट रूप से कहा है कि 01 सितंबर 2026 को दोपहर 2 बजे के बाद बी.बी.ए. में किसी भी प्रकार का नामांकन नहीं लिया जाएगा और नामांकन से संबंधित आगे के अनुरोध या पूछताछ पर भी विचार नहीं किया जाएगा।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...



















0 Comments