Ad Code

वामन द्वादशी की तैयारियां जोरों पर, हाथी-घोड़े, गाजे-बाजे और झांकियों के साथ बक्सर में 23 सितंबर को निकलेगी भगवान वामन की रथ यात्रा, वामन ग्लोबल फाउंडेशन की बैठक में बनी रणनीति


बक्सर । भगवान वामन की पावन नगरी बक्सर में आगामी 23 सितंबर को भगवान वामन द्वादशी के अवसर पर भव्य रथ यात्रा एवं महाप्रसाद वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसको लेकर तैयारियां जोर-शोर से शुरू कर दी गई हैं। आयोजन को सफल बनाने के लिए नगर के बाईपास रोड स्थित काली मंदिर के समीप निशु राय के कार्यालय में वामन ग्लोबल फाउंडेशन की तैयारी समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता संगठन के अध्यक्ष डॉ. राकेश राय उर्फ कल्लू राय ने की। इस दौरान कोर कमेटी के सदस्यों ने आगामी आयोजन को लेकर अपने-अपने विचार रखे और भगवान वामन द्वादशी को पिछले वर्ष से भी अधिक भव्य स्वरूप में मनाने की तैयारियों पर चर्चा की गई।

फाउंडेशन के सचिव सिकंदर सिंह ने बताया कि भगवान वामन रथ यात्रा को लेकर लोगों में काफी उत्साह है। इस वर्ष आयोजन को और अधिक भव्य बनाने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष की अपेक्षा इस बार श्रद्धालुओं की भागीदारी और आयोजन का स्वरूप अधिक व्यापक होगा।





वामन मंदिर और वामन कॉरिडोर को लेकर भी उत्साह

बैठक में भगवान वामन मंदिर को लेकर हुई हालिया घोषणा को भी विशेष रूप से महत्वपूर्ण बताया गया। आयोजकों के अनुसार, वर्षों से केंद्रीय कारागार परिसर के अंदर स्थित भगवान वामन मंदिर को जेल की चहारदीवारी से बाहर निकालने और वामन कॉरिडोर विकसित करने की घोषणा मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा की गई है। इससे भगवान वामन के श्रद्धालुओं और बक्सरवासियों में उत्साह का माहौल है। इससे पूर्व वे भगवान वामन मंदिर पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना भी कर चुके हैं।

अध्यक्ष डॉ. राकेश राय उर्फ कल्लू राय ने कहा कि वामन ग्लोबल फाउंडेशन का उद्देश्य भक्ति और सेवा दोनों को एक साथ लेकर चलना है। इसी उद्देश्य के तहत फाउंडेशन की ओर से प्रत्येक गुरुवार को भगवान वामन मंदिर प्रांगण में महाआरती एवं प्रसाद वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं।

उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि 23 सितंबर को आयोजित होने वाली भगवान वामन रथ यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाएं। उन्होंने बताया कि इस वर्ष करीब 25 हजार श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद वितरण करने की योजना बनाई गई है।




किला मैदान से शुरू होगी रथ यात्रा

आयोजकों के अनुसार, बुधवार 23 सितंबर 2026 को सुबह 8 बजे किला मैदान स्थित रामलीला मंच से भगवान वामन की भव्य रथ यात्रा शुरू होगी। रथ यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए भगवान वामन मंदिर पहुंचेगी।

निर्धारित मार्ग के अनुसार रथ यात्रा किला मैदान, पुलिस चौकी, रामरेखा घाट, पीपी रोड, मुनीम चौक, यमुना चौक, ठठेरी बाजार मोड़, सब्जी मंडी मेन रोड, आदर्श नगर थाना, कॉलेज गेट मोड़ और जेल मोड़ होते हुए भगवान वामन मंदिर पहुंचेगी।

आयोजन में आकर्षक झांकियां भी निकाली जाएंगी। इसके अलावा हाथी-घोड़े, गाजे-बाजे और पारंपरिक नृत्य मंडलियां रथ यात्रा की शोभा बढ़ाएंगी। आयोजन समिति का कहना है कि इस बार भगवान वामन द्वादशी को ऐतिहासिक और भव्य स्वरूप देने की पूरी तैयारी की जा रही है।









................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu