बक्सर । सरस्वती विद्या मंदिर, अहिरौली में गुरुवार को विज्ञान मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन निरीक्षक मंडल के जगदीश नारायण ओझा, बरमेश्वर ओझा, वीरेन्द्र कुमार सिंह एवं जनार्दन तिवारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
विज्ञान मेले में विज्ञान, गणित एवं संगणक विषयों से संबंधित कुल 125 प्रदर्श लगाए गए। इसमें शिशु, बाल, किशोर एवं तरुण वर्ग के भैया-बहनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर आधारित मॉडल एवं प्रोजेक्ट के माध्यम से अपनी वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और नवाचार क्षमता का प्रदर्शन किया।
मेले में प्राथमिक उपचार, पर्यावरण प्रदूषण, विद्युत संरक्षण, जैविक कृषि और अन्य नवाचार आधारित प्रदर्श आकर्षण का केंद्र रहे। वहीं गणित विषय में समबहुभुजों के गुण-धर्म, त्रिकोणमिति एवं क्षेत्रमिति पर आधारित मॉडल प्रस्तुत किए गए। संगणक से जुड़े प्रदर्शों में इंटरनेट तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) जैसे आधुनिक विषयों को भी शामिल किया गया।
इस अवसर पर निरीक्षक मंडल के सदस्यों ने विद्यार्थियों के प्रदर्शों का अवलोकन कर उनकी वैज्ञानिक समझ और रचनात्मक प्रयासों की सराहना की। विद्यालय के प्रधानाचार्य अमन कुमार सिंह एवं उप प्रधानाचार्य मनोरंजन कुमार ने भी विद्यार्थियों की मेधा एवं प्रतिभा की प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विज्ञान मेले के आयोजन में विद्यालय के आचार्य-आचार्याओं की सक्रिय भूमिका रही। कार्यक्रम में मदन पांडेय, ईश्वर चंद्र, विवेक राय, हेमशंकर साह, अनूप चौबे, सत्येंद्र उपाध्याय, अमित राय, अखिलेश राय, दिनेश शर्मा, ज्योति मिश्रा सहित विद्यालय के सभी आचार्य-आचार्या उपस्थित रहे।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...



















0 Comments