Ad Code

RPF बक्सर की तत्परता से यात्री का मोबाइल व नकली धातु की सिकड़ी चोरी करने वाला युवक गिरफ्तार


बक्सर । रेलवे स्टेशन बक्सर पर यात्रियों की सुरक्षा एवं अपराध नियंत्रण को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान आरपीएफ ने तत्परता दिखाते हुए एक युवक को चोरी के मोबाइल फोन और धातु की बनावटी सिकड़ी के साथ पकड़ लिया। आवश्यक कार्रवाई के बाद आरोपी को बरामद सामान एवं संबंधित कागजात के साथ अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी थाना बक्सर को सौंप दिया गया।




जानकारी के अनुसार, गुरुवार को रेलवे सुरक्षा बल बक्सर के निरीक्षक प्रभारी कुंदन सिंह के दिशा-निर्देशन में स्टेशन परिसर में विशेष निगरानी अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान गाड़ी संख्या 13240 कोटा-पटना एक्सप्रेस में पटना जाने के लिए एक महिला यात्री नीता देवी, निवासी कर्पूरी पड़री, थाना औद्योगिक, बक्सर, ट्रेन में सवार हो रही थीं।

इसी दौरान भीड़ का फायदा उठाकर एक व्यक्ति ने उनके पास से नीले रंग का Redmi कंपनी का मोबाइल फोन और पीले रंग की धातु की बनावटी सिकड़ी चोरी कर भागने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद आरपीएफ उप निरीक्षक विजेंद्र मुवाल, सहायक उप निरीक्षक उमेश कुमार राय तथा आरक्षी श्याम नारायण सिंह यादव और संतोष कुमार ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को पकड़ लिया।

पूछताछ में पकड़े गए युवक ने अपना नाम कृष्णा माली (24 वर्ष), पिता चतरो माली, निवासी न्यायीपुर, थाना मुफस्सिल, जिला बक्सर बताया। उसके कब्जे से चोरी किया गया Redmi मोबाइल फोन एवं पीले रंग की धातु की बनावटी सिकड़ी बरामद की गई।





कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी कृष्णा माली को बरामद सामान एवं संबंधित दस्तावेजों के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी थाना बक्सर को सुपुर्द कर दिया गया।

आरपीएफ निरीक्षक प्रभारी कुंदन कुमार ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा, चोरी एवं छिनतई की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण तथा रेलवे परिसर में आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। स्टेशन और ट्रेनों में संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष निगरानी रखते हुए आरपीएफ की टीम यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सक्रिय रहेगी।

आरपीएफ बक्सर ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान अपने मोबाइल, पर्स और अन्य कीमती सामानों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना रेलवे सुरक्षा बल या संबंधित रेलकर्मियों को दें।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu