बक्सर । जिले के ब्रह्मपुर प्रखंड अंतर्गत रामानंद मध्य विद्यालय, रघुनाथपुर में विद्यालय इको क्लब के तत्वावधान में "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के तहत पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ मातृ सम्मान एवं प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ पौधरोपण से हुआ। इस दौरान विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं विद्यालय परिवार के सदस्यों ने अपनी-अपनी माताओं के नाम पौधे लगाए और उनके संरक्षण एवं नियमित देखभाल का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं पर्यावरण संरक्षण गतिविधि, दक्षिण बिहार के जनसंवाद प्रमुख शैलेश ओझा ने कहा कि माँ हमें जीवन, स्नेह और सुरक्षा देती हैं, जबकि वृक्ष हमें प्राणवायु, छाया, फल, औषधियां और स्वच्छ वातावरण प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि यदि हम अपनी माँ के प्रति सच्चा सम्मान व्यक्त करना चाहते हैं, तो उनके नाम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल अवश्य करें। यही मातृत्व और प्रकृति, दोनों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
विद्यालय की प्रधानाध्यापिका शहनाज बेगम ने कहा कि जलवायु परिवर्तन और बढ़ते प्रदूषण जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण और उनका संरक्षण आवश्यक है।
शिक्षक अनिल कुमार ने विद्यार्थियों को प्रतिवर्ष अपनी माँ के नाम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि पौधरोपण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि जीवनभर निभाई जाने वाली सामाजिक और पर्यावरणीय जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर शिक्षक अशोक प्रसाद, आलोक कुमार, सुनीता कुमारी, राज कपूर प्रसाद सहित विद्यालय के सभी शिक्षक एवं सैकड़ों विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने पर्यावरण संरक्षण, हरियाली बढ़ाने तथा लगाए गए पौधों की सुरक्षा का सामूहिक संकल्प लिया। विद्यालय परिसर में उत्साहपूर्वक संपन्न यह कार्यक्रम विद्यार्थियों में प्रकृति प्रेम, सामाजिक उत्तरदायित्व और पर्यावरण संरक्षण की भावना को और अधिक मजबूत करने वाला साबित हुआ।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...















0 Comments