Ad Code

कृषि ट्रांसफार्मरों के समय पर प्रतिस्थापन की मांग, सांसद सुधाकर सिंह ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र


बक्सर । बक्सर के सांसद ने कृषि विद्युत ट्रांसफार्मरों के समय पर प्रतिस्थापन नहीं होने से किसानों को हो रही परेशानी को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने धान की रोपाई एवं सिंचाई के महत्वपूर्ण समय में खराब ट्रांसफार्मरों को बदलने में हो रही देरी को किसानों के लिए गंभीर संकट बताया है।





सांसद ने पत्र में कहा है कि बक्सर लोकसभा क्षेत्र में कई स्थानों पर कृषि ट्रांसफार्मर खराब होने के बाद उसे बदलने में 20 से 30 दिन, यहां तक कि एक माह तक का समय लग रहा है। इससे धान सहित अन्य फसलों की सिंचाई प्रभावित हो रही है और किसानों की फसलें नुकसान की कगार पर पहुंच रही हैं।

उन्होंने पत्र में बिहार विद्युत वितरण कंपनियों के स्टैंडर्ड्स ऑफ परफॉर्मेंस का हवाला देते हुए कहा कि शहरी क्षेत्रों में 24 घंटे तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 72 घंटे के भीतर खराब वितरण ट्रांसफार्मर बदलने का प्रावधान है, लेकिन बक्सर में इन मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है।

सुधाकर सिंह ने बक्सर ट्रांसफार्मर रिपेयर वर्कशॉप (टीआरडब्ल्यू) की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि बक्सर के खराब ट्रांसफार्मरों को पहले मरम्मत के लिए आरा भेजा जाता है और फिर वापस बक्सर लाकर लगाया जाता है। इस व्यवस्था को अनावश्यक खर्चीला बताते हुए इसकी उच्चस्तरीय जांच कराने और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की है।




सांसद ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि बक्सर लोकसभा क्षेत्र के सभी खराब कृषि ट्रांसफार्मरों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर बदला जाए, वर्तमान बुआई एवं पटवन के मौसम को देखते हुए विशेष आपातकालीन व्यवस्था लागू की जाए तथा ट्रांसफार्मरों को बक्सर से आरा भेजने और वापस लाने की पूरी प्रक्रिया की जांच कराई जाए।

उन्होंने कहा कि किसान केवल बिजली नहीं, बल्कि अपनी मेहनत और फसल बचाने का अधिकार मांग रहे हैं। ऐसे में सरकार को नियमों का पालन सुनिश्चित करते हुए किसानों के हित में शीघ्र प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu