बक्सर । ब्रह्मपुर प्रखंड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), रघुनाथपुर में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता शैलेश ओझा ने सिविल सर्जन बक्सर शिव कुमार प्रसाद से मुलाकात कर विस्तृत मांग-पत्र सौंपा। उन्होंने सीएचसी में स्थायी महिला चिकित्सक की पदस्थापना, इमरजेंसी ट्रॉमा सेंटर की स्थापना, अल्ट्रासाउंड सुविधा तथा आवश्यक आपातकालीन चिकित्सा संसाधन उपलब्ध कराने की मांग की।
सौंपे गए मांग-पत्र में बताया गया है कि रघुनाथपुर सीएचसी ब्रह्मपुर प्रखंड की 18 पंचायतों एवं 100 से अधिक गांवों सहित आसपास के क्षेत्रों की बड़ी आबादी के लिए प्रमुख सरकारी स्वास्थ्य संस्थान है। यहां प्रतिदिन 250 से अधिक मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं, जिनमें गर्भवती एवं प्रसूता महिलाओं की संख्या भी काफी अधिक रहती है।
शैलेश ओझा ने कहा कि महिला चिकित्सक का प्रतिनियोजन अक्सर अन्य अस्पतालों में कर दिए जाने से स्थानीय महिलाओं को इलाज में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीण क्षेत्र की महिलाएं पुरुष चिकित्सक के समक्ष अपनी स्वास्थ्य समस्याएं सहजता से नहीं बता पातीं, जिससे समय पर उपचार प्रभावित होता है। वहीं, अल्ट्रासाउंड सुविधा के अभाव में गर्भवती महिलाओं को जांच के लिए दूर-दराज के अस्पतालों का रुख करना पड़ता है। उन्होंने सीएचसी में स्थायी महिला चिकित्सक की तैनाती, अल्ट्रासाउंड सुविधा और जीवनरक्षक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराने की मांग की।
उन्होंने बताया कि रघुनाथपुर सीएचसी राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-922) बक्सर–पटना मार्ग के समीप तथा ब्रह्मपुर–कुरानसराय–मलियाबाग मुख्य मार्ग पर स्थित है। राज्य सरकार द्वारा इस मार्ग को स्टेट हाईवे के रूप में विकसित किए जाने के बाद यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना है। ऐसे में सड़क दुर्घटनाओं के घायलों के लिए यह अस्पताल प्राथमिक उपचार का महत्वपूर्ण केंद्र बन सकता है, लेकिन ट्रॉमा एवं आधुनिक आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं के अभाव में गंभीर मरीजों को तत्काल रेफर करना पड़ता है। उन्होंने अस्पताल परिसर में उपलब्ध भूमि पर इमरजेंसी ट्रॉमा सेंटर स्थापित करने की भी मांग की।
शैलेश ओझा ने कहा कि इन मांगों पर शीघ्र कार्रवाई होने से ब्रह्मपुर प्रखंड सहित आसपास के क्षेत्रों की लाखों आबादी को बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी तथा सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मृत्यु दर में भी कमी आएगी।
मांग-पत्र सौंपने के दौरान रघुनाथपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. जितेंद्र कुमार सिंह, रघुनाथपुर पंचायत के मुखिया अनिल राम, एकरासी पंचायत के मुखिया कमल सिंह, विंध्याचल शाही सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments