बक्सर । गुरुवार को नीट पेपर लीक के खिलाफ छात्र-युवा आंदोलन की ऐतिहासिक जीत के अवसर पर बक्सर में संकल्प दिवस मनाया गया। इस दौरान शहीद पार्क, कवलदह पोखर से मार्च निकाला गया, जो शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए अंबेडकर चौक पहुंचा। यहां सभा आयोजित कर कार्यक्रम का समापन किया गया।
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा और परीक्षा व्यवस्था में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ संघर्ष आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपने वादों से लगातार पीछे हटती रही है, इसलिए जनदबाव बनाए रखना आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान प्रदर्शनकारियों ने विभिन्न मांगों के समर्थन में नारेबाजी की। उन्होंने पालीगंज विधायक संदीप सौरभ पर नीट आंदोलन के दौरान दर्ज मुकदमा वापस लेने, नगरनौसा के आंदोलनकारियों पर दर्ज सभी मुकदमे समाप्त करने, आंदोलनकारियों के विरुद्ध जारी लुकआउट नोटिस पर सरकार से माफी मांगने तथा आंदोलन के दौरान कथित गोलीबारी के आदेश देने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की।
इसके अलावा पुलिस कार्रवाई में घायल आंदोलनकारियों को मुआवजा देने, बिहार के विश्वविद्यालयों में 300 प्रतिशत फीस वृद्धि वापस लेने, ऑनर्स में नामांकन के लिए 7.5 सीजीपीए की अनिवार्यता समाप्त करने, शिक्षा के बाजारीकरण पर रोक लगाने, निजी विश्वविद्यालय अधिनियम वापस लेने, एनटीए को भंग करने, सभी रिक्त पदों पर शीघ्र बहाली करने तथा डिग्री कॉलेजों को विश्वविद्यालयों से अलग करने वाले विधेयक को वापस लेने की भी मांग उठाई गई।
कार्यक्रम में ओम जी, धर्मेंद्र यादव, राजदेव सिंह, अखिलेश ठाकुर, ललन राम, कन्हैया पासवान, अरविंद यादव, रिंकू कुरैशी, महफूज, कुश भगवान, अभय पांडेय, पूजा, संध्या, शिवजी राय, ऊषा देवी, शंकर सहित बड़ी संख्या में छात्र-युवा और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments