बक्सर । श्रावणी मेला-2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर गुरुवार को जिला पदाधिकारी साहिला एवं पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने बाबा ब्रह्मेश्वर नाथ मंदिर परिसर में दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिस बल के साथ संयुक्त ब्रीफिंग की। अधिकारियों को 30 जुलाई से 28 अगस्त तक प्रत्येक रविवार, सोमवार तथा 11 अगस्त (शिवरात्रि) को पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए गए।
डीएम एवं एसपी ने अनुमंडल पदाधिकारियों और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर यह सुनिश्चित करें कि सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल समय पर ड्यूटी स्थल पर मौजूद रहें। रामरेखा घाट बक्सर एवं महादेवा घाट चौसा पर मिनी नियंत्रण कक्ष स्थापित करने, घाटों पर सुरक्षित जलस्तर तक रस्सी की घेराबंदी कराने तथा स्वयंसेवकों के सहयोग से भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया।
भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर सादे वेश में पुरुष एवं महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती, प्रमुख मंदिरों एवं घाटों पर क्विक रिस्पांस टीम (QRT) की व्यवस्था तथा बक्सर और डुमरांव अनुमंडल में लगातार पुलिस गश्ती करने का भी निर्देश दिया गया। बाबा ब्रह्मेश्वर नाथ मंदिर, रामरेखा घाट एवं गौरीशंकर मंदिर सोहनी पट्टी को विशेष निगरानी में रखा जाएगा।
श्रावणी मेला के दौरान यातायात व्यवस्था को लेकर भी विशेष निर्देश जारी किए गए हैं। प्रत्येक रविवार एवं सोमवार को बक्सर शहर में निर्धारित समय के दौरान भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। वहीं वीर कुंवर सिंह चौक से रामरेखा घाट मोड़ होते हुए अलका सिनेमा तक चारपहिया एवं दोपहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। ब्रह्मपुर में बैरिकेडिंग, ड्रॉप गेट, नियंत्रण कक्ष, पार्किंग एवं भीड़ नियंत्रण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
नगर निकायों को मंदिरों, गंगा घाटों एवं पूजा स्थलों की साफ-सफाई, अस्थायी शौचालय, महिला चेंजिंग रूम तथा अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ सभी सीसीटीवी कैमरों को सुचारु रखने का निर्देश दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग को सभी अस्पतालों एवं स्वास्थ्य केंद्रों में मेडिकल टीम, एंबुलेंस, जीवनरक्षक दवाएं, ऑक्सीजन, एंटी स्नेक वेनम तथा ऑपरेशन थिएटर 24 घंटे तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं। विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति तथा ढीले बिजली तारों की मरम्मत सुनिश्चित करने को कहा गया है।
श्रावणी मेला की सुरक्षा व्यवस्था के लिए प्रशासन ने कुल 174 स्थानों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की है। इसमें 110 स्टैटिक पोस्ट, 10 पैदल गश्ती दल, 4 पार्किंग स्थल, 8 बैरिकेडिंग स्थल, 9 कंट्रोल रूम, 22 ड्रॉप गेट तथा 11 गश्ती दल शामिल हैं। प्रशासन ने सोशल मीडिया पर अफवाहों पर नजर रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर त्वरित कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए हैं।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments