आरा। असिस्टेंट प्रोफेसर बहाली में नई नियमावली लागू किए जाने के विरोध में बुधवार को ऑल पीएचडी होल्डर्स एंड रिसर्च स्कॉलर्स एसोसिएशन ऑफ बिहार के बैनर तले पीएचडी धारकों एवं शोधार्थियों ने आरा के कतीरा स्थित वीर कुँवर सिंह विश्वविद्यालय के पुराने परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। डॉ. संदीप ठाकुर के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन के दौरान मुख्यमंत्री एवं उच्च शिक्षा मंत्री का पुतला दहन कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि असिस्टेंट प्रोफेसर बहाली में अचानक नई नियमावली लागू करना हजारों पीएचडी धारकों और शोधार्थियों के भविष्य के साथ अन्याय है। उनका कहना था कि अभ्यर्थियों ने वर्षों तक पुरानी नियमावली, एपीआई (API)/अकादमिक स्कोर, पीएचडी, शोध-पत्र प्रकाशन, सेमिनार, कॉन्फ्रेंस, शिक्षण अनुभव और अन्य शैक्षणिक उपलब्धियों को आधार बनाकर तैयारी की है। ऐसे में वर्तमान बहाली प्रक्रिया में नई नियमावली लागू करना उनके वर्षों के परिश्रम, समय और आर्थिक संसाधनों को व्यर्थ करना है।
प्रदर्शन के दौरान एसोसिएशन ने सरकार के समक्ष पांच प्रमुख मांगें रखीं। इनमें वर्तमान असिस्टेंट प्रोफेसर बहाली को पुरानी नियमावली के आधार पर कराने, 211 नए डिग्री महाविद्यालयों में सभी विषयों की पढ़ाई सुनिश्चित करने, यूजीसी के प्रावधानों के अनुरूप अधिकतम आयु सीमा कम से कम 55 वर्ष करने, पीएचडी धारकों को नेट एवं जेआरएफ अभ्यर्थियों की तुलना में अधिक वरीयता देते हुए पुरानी नियमावली के अनुसार 30 अंकों का एपीआई स्कोर देने तथा बिहार के अभ्यर्थियों के हित में डोमिसाइल नीति लागू करने की मांग शामिल है।
शोधार्थियों ने कहा कि बिना पीएचडी या शोध अनुभव वाले अभ्यर्थियों को उच्च शिक्षा संस्थानों में प्राथमिकता मिलने से शोध-निर्देशन और शोध संस्कृति पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। उनका तर्क था कि भविष्य में ऐसे शिक्षकों को पीएचडी कराने के लिए सरकार को अतिरिक्त खर्च, शिक्षा अवकाश और शैक्षणिक छूट देनी पड़ेगी, जिससे शिक्षण व्यवस्था भी प्रभावित हो सकती है।
एसोसिएशन ने चेतावनी दी कि यदि सरकार उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है तो आंदोलन को राज्यव्यापी रूप दिया जाएगा।
प्रदर्शन में कुमुद पटेल, ज्योति कुमार, सुशील टाइगर, चंदन तिवारी, मोनू यादव, कृष्णा तिवारी, छोटू सिंह, राज पांडे, डॉ. संदीप ठाकुर, अनीश कुमार, सैफ अख्तर, निशांत कुमार, राजन कुमार, अमिताभ कुमार, केडी यादव, रत्नेश कुमार सहित बड़ी संख्या में पीएचडी धारक एवं शोधार्थी उपस्थित रहे।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...


















0 Comments