बक्सर । राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर बुधवार को सरेंजा स्थित डॉ. धनपति रॉय हॉस्पिटल में माँ तपेश्वरी देवी ब्लड सेंटर एवं ब्लड बक्सर के सहयोग से रक्तदान महाशिविर एवं रक्तदान जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन अस्पताल की निदेशक डॉ. शिखा राय एवं डॉ. अवनी राय ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान ब्लड बक्सर के नसीम नायक और आदिल खान भी मौजूद रहे।
शिविर में चार महिला रक्तदाताओं गुड़िया देवी, सीमा देवी, काजल कुमारी और संगीता कुमारी सहित कुल 26 लोगों ने स्वैच्छिक रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की। रक्तदान करने वालों में सुनील पाण्डेय, आशुतोष राय, शुभम कुमार, आशीष पाण्डेय, जितेंद्र कुमार, मो. बिस्मिल्ला खां, संदीप राय, अंकुर कुमार मौर्य, नीरज सिंह, अभिषेक राय, कुश कुमार, घरभरण पाण्डेय, चंदन कुमार सहित अन्य रक्तदाता शामिल रहे।
इस अवसर पर डॉ. शिखा राय ने कहा कि रक्तदान से नई रक्त कोशिकाओं का निर्माण होता है, शरीर में आयरन का संतुलन बना रहता है तथा हृदय रोग सहित कई बीमारियों के खतरे को कम करने में मदद मिलती है। उन्होंने बताया कि रक्तदान से पहले और बाद में रक्तचाप, नाड़ी, तापमान, हीमोग्लोबिन तथा एचआईवी, हेपेटाइटिस-बी, हेपेटाइटिस-सी और सिफिलिस जैसी आवश्यक जांचें निःशुल्क की जाती हैं। इससे व्यक्ति को अपने स्वास्थ्य की सही जानकारी भी मिलती है। उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से रक्तदान कर जीवन बचाने का आह्वान किया।
डॉ. अवनी राय ने कहा कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद के लिए जीवनदान साबित हो सकता है। उन्होंने "शुभारंभ – नई सोच, नई परंपरा" अभियान के तहत शादी, जन्मदिन और अन्य शुभ अवसरों पर रक्तदान की परंपरा शुरू करने की अपील की, ताकि ब्लड बैंकों में रक्त की कमी को दूर किया जा सके।
ब्लड बक्सर के नसीम नायक ने बताया कि यह जुलाई माह का पहला रक्तदान शिविर है। उन्होंने इच्छुक युवाओं से रक्तदाता के रूप में पंजीकरण कराने की अपील करते हुए बताया कि संस्था प्रत्येक माह रक्तदान शिविर आयोजित कर लोगों को जागरूक करती है। उन्होंने कहा कि यह शिविर भारत सरकार के "नेशन वाइड मेगा ब्लड डोनेशन ड्राइव" के समर्थन में आयोजित किया गया, जिसका संदेश है—"वन ड्रॉप ऑफ ह्यूमैनिटी, गिव ब्लड, सेव लाइव्स।"
माँ तपेश्वरी देवी ब्लड सेंटर के संतोष चौबे ने अस्पताल प्रबंधन, सभी रक्तदाताओं और ब्लड बक्सर की टीम का आभार व्यक्त किया। शिविर में सभी रक्तदाताओं को डॉ. धनपति रॉय हॉस्पिटल की ओर से मोमेंटो तथा माँ तपेश्वरी देवी ब्लड सेंटर की ओर से प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। शिविर को सफल बनाने में अस्पताल के सभी कर्मियों एवं माँ तपेश्वरी देवी ब्लड सेंटर की टीम का विशेष योगदान रहा।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...


















0 Comments