बक्सर । बक्सर जिले के ग्राम चिलहरी की बेटी रुचिका आर्या ने एयर इंडिया के प्रतिष्ठित कैडेट पायलट प्रोग्राम में चयनित होकर जिले और पूरे बिहार का गौरव बढ़ाया है। देश के सबसे कठिन और प्रतिष्ठित पायलट प्रशिक्षण कार्यक्रमों में शामिल इस चयन के बाद रुचिका अब व्यावसायिक एयरलाइन पायलट बनने की दिशा में प्रशिक्षण प्राप्त करेंगी।
रुचिका, एयर इंडिया के वरिष्ठ कमांडर कैप्टन संजीव रॉय की पुत्री हैं। कोविड-19 महामारी के दौरान कैप्टन संजीव रॉय ने कोविड योद्धा के रूप में आवश्यक उड़ानों का संचालन कर देश की सेवा की थी। उनकी इस उल्लेखनीय भूमिका को विभिन्न समाचार पत्रों और दूरदर्शन में भी प्रमुखता से स्थान मिला था।
अब उनकी पुत्री रुचिका आर्या ने भी अपने पिता के पदचिह्नों पर चलते हुए परिवार, गांव और पूरे बिहार का नाम रोशन किया है। रुचिका ग्राम चिलहरी की पहली महिला पायलट बनी हैं तथा माना जा रहा है कि वह बक्सर जिले की भी पहली महिला हैं, जिनका चयन एयर इंडिया कैडेट पायलट प्रोग्राम जैसे प्रतिष्ठित कार्यक्रम में हुआ है।
रुचिका की सफलता वर्षों की कठिन मेहनत, अनुशासन, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। उनकी यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे बक्सर जिले और बिहार के लिए गर्व का विषय बन गई है। ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
रुचिका की उपलब्धि यह संदेश देती है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और प्रयास निरंतर किए जाएँ, तो छोटे गांवों से निकलकर भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल की जा सकती है। उनकी यह सफलता प्रदेश की हजारों बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी, जो अपने सपनों को साकार करने का साहस रखती हैं।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments