बक्सर । नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बक्सर पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। नया भोजपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने छापेमारी कर करीब 490 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ पांच अंतरजिला तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपितों के पास से एक कार और पांच मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
डुमरांव के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) पोलस्त कुमार ने नया भोजपुर थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि 29 जुलाई को सूचना मिली थी कि गोपाल डेरा पोखरा के समीप कुछ लोग ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री के लिए जुटे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर उनके नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर छापेमारी की और पांच संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मुंगांव निवासी सोनू कुमार, नाजीरगंज निवासी समीर शेख, चिलहरी निवासी सूर्यकांत पांडेय (बक्सर), भोजपुर जिले के फूहा निवासी मंजय कुमार पासवान तथा पूर्वी चंपारण के रामनगर निवासी कुमार गौरव के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जांच में मामला अंतरजिला स्तर पर सक्रिय नशा तस्करी गिरोह से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस अब जब्त मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्यों के आधार पर तस्करी नेटवर्क के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक खंगाल रही है। जांच का फोकस इस बात पर है कि ब्राउन शुगर की खेप कहां से लाई गई और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।
एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने कहा कि नशे के इस अवैध कारोबार से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और पूरे सिंडिकेट का पर्दाफाश किया जाएगा।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में नया भोजपुर थाना पुलिस की यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले पुलिस ने 480 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ असम के कुख्यात तस्कर प्रेम पंडित को गिरफ्तार किया था। उसकी निशानदेही पर सिमरी थाना क्षेत्र से एक अन्य तस्कर को भी पकड़ा गया था। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से जिले में सक्रिय नशा तस्करों के बीच हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments