बक्सर । जेडीयू के राजनीतिक सलाहकार एवं शहीद चितरंजन स्मारक निर्माण समिति के अध्यक्ष डॉ. ओम प्रकाश सिंह ने कारगिल के वीर शहीद चितरंजन सिंह की स्मृति में उनके पैतृक गांव चिलहरी में आदमकद प्रतिमा स्थापित करने की मांग उठाई है। इस संबंध में उन्होंने डुमरांव विधायक राहुल सिंह को आवेदन सौंपकर शहीद के सर्वोच्च बलिदान को उचित सम्मान देने की मांग की है।
डॉ. ओम प्रकाश सिंह ने कहा कि देश की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीद चितरंजन सिंह युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। उनके सम्मान में आदमकद प्रतिमा स्थापित होने से आने वाली पीढ़ियों को देशभक्ति, साहस और राष्ट्र सेवा की प्रेरणा मिलती रहेगी। उन्होंने कहा कि शहीदों का सम्मान केवल श्रद्धांजलि तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उनके आदर्शों को समाज तक पहुंचाने के लिए स्थायी स्मारकों का निर्माण भी आवश्यक है।
समिति अध्यक्ष ने बताया कि डुमरांव प्रखंड के चिलहरी गांव निवासी वीर जवान चितरंजन सिंह कारगिल युद्ध के बाद वर्ष 2001 में जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में आतंकवादियों के खिलाफ अभियान के दौरान शहीद हुए थे। जानकारी के अनुसार मुठभेड़ में उन्होंने बहादुरी का परिचय देते हुए तीन आतंकियों को मार गिराया था। संघर्ष के दौरान उनके कारतूस समाप्त हो गए और आतंकियों की गोली उनकी आंख में लगने से वह वीरगति को प्राप्त हो गए।
उन्होंने कहा कि शहीद चितरंजन सिंह की शहादत आज भी क्षेत्र के लोगों के लिए गर्व का विषय है। प्रत्येक वर्ष उनके शहादत दिवस पर चिलहरी गांव में शहीद चितरंजन स्मारक निर्माण समिति के बैनर तले श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया जाता है, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं गणमान्य लोग शामिल होकर उन्हें नमन करते हैं।
डॉ. ओम प्रकाश सिंह ने उम्मीद जताई कि जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के सहयोग से जल्द ही शहीद चितरंजन सिंह की आदमकद प्रतिमा स्थापित होगी, जिससे उनकी वीरगाथा सदैव लोगों को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करती रहेगी।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...


















0 Comments