बक्सर । इटाढ़ी रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के एक हिस्से के क्षतिग्रस्त होने के मामले में कांग्रेस ने बिहार सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष पंकज उपाध्याय ने इस घटना को भ्रष्टाचार और घटिया निर्माण कार्य का परिणाम बताते हुए सरकार की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए हैं।
पंकज उपाध्याय ने कहा कि बिहार में भ्रष्टाचार को खुली छूट दी गई है, जिसके कारण पुल-पुलियों के निर्माण में लगातार अनियमितताएं सामने आ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कमीशनखोरी के कारण इटाढ़ी आरओबी का निर्माण मानकों के अनुरूप नहीं कराया गया, जिसका नतीजा यह है कि उद्घाटन से पहले ही पुल का हिस्सा धंस गया।
उन्होंने कहा कि पुल निर्माण में इस्तेमाल की गई सामग्री की गुणवत्ता भी सवालों के घेरे में है। उनका आरोप है कि निर्माण कार्य में लगाए गए सरिये भी मानक के अनुरूप नहीं हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि लोग अपने घरों के निर्माण में भी इससे अधिक मजबूत और बेहतर गुणवत्ता वाले सरिये का उपयोग करते हैं।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने सदर विधायक आनंद मिश्रा पर भी निशाना साधते हुए कहा कि जब आरओबी निर्माण का श्रेय लेने की होड़ लगी हुई थी, तब इसकी गुणवत्ता की निगरानी क्यों नहीं की गई। उन्होंने कहा कि यदि जनप्रतिनिधि इस परियोजना की सफलता का श्रेय ले रहे थे तो अब उन्हें इसकी विफलता और तकनीकी खामियों पर भी जवाब देना चाहिए।
गौरतलब है कि इटाढ़ी रेलवे क्रॉसिंग पर जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए लगभग 26.40 करोड़ रुपये की लागत से रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण कराया गया था। पुल शुरू होने के बाद 1 जून से रेलवे क्रॉसिंग को भी बंद कर दिया गया था और वाहनों का आवागमन नए आरओबी के जरिए शुरू हो गया था।
इसी बीच पुल के एक हिस्से के क्षतिग्रस्त होने की सूचना सामने आने के बाद प्रशासन ने एहतियातन भारी वाहनों के परिचालन पर रोक लगा दी है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर चिंता बढ़ गई है।
हाल ही में भागलपुर के विक्रमशिला पुल से जुड़े विवाद और क्षति की चर्चाएं अभी थमी भी नहीं थीं कि बक्सर में सामने आई इस घटना ने राज्य में आधारभूत संरचनाओं की गुणवत्ता को लेकर नए सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोग और राजनीतिक दल अब इस मामले की उच्चस्तरीय जांच तथा जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...


















0 Comments