Ad Code

26.35 करोड़ की लागत से बदलेगी बक्सर रेलवे स्टेशन की तस्वीर, यात्रियों को मिलेंगी विश्वस्तरीय सुविधाएं


बक्सर । बक्सर रेलवे स्टेशन से यात्रा करने वाले लाखों यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। रेलवे बोर्ड ने स्टेशन के व्यापक आधुनिकीकरण एवं यात्री सुविधाओं के विस्तार के लिए 26.35 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस योजना के तहत स्टेशन को आधुनिक तकनीक, बेहतर सुरक्षा व्यवस्था, दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाओं तथा आकर्षक स्वरूप से सुसज्जित किया जाएगा। पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि परियोजना को वर्ष 2028-29 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।



रेलवे द्वारा बक्सर स्टेशन पर सात प्रमुख विकास कार्यों को मंजूरी दी गई है। इनमें स्टेशन के पुनर्विकास और सुंदरीकरण के तहत उत्तर दिशा के मुख्य प्रवेश द्वार (फसाड) और सर्कुलेटिंग एरिया का व्यापक सुधार किया जाएगा। इससे स्टेशन को आधुनिक स्वरूप मिलेगा और स्टेशन परिसर के बाहर यातायात जाम की समस्या में भी कमी आएगी। यात्रियों के आवागमन को अधिक सुगम और व्यवस्थित बनाया जाएगा।

योजना का सबसे बड़ा हिस्सा स्टेशन के लाइन नंबर 1, 4 और 5 पर आधुनिक बैलास्टलेस (गिट्टी रहित) ट्रैक निर्माण है, जिसकी लागत लगभग 15.59 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है। इस तकनीक से रेलवे ट्रैक की मजबूती बढ़ेगी, रखरखाव आसान होगा तथा ट्रेनों का परिचालन अधिक सुरक्षित और सुचारु हो सकेगा। साथ ही प्लेटफॉर्म क्षेत्र में जलजमाव और सफाई संबंधी समस्याओं का भी समाधान होगा।

रेलवे ने 24 कोच वाली लंबी ट्रेनों के संचालन को ध्यान में रखते हुए प्लेटफॉर्म विस्तार और ऊंचाई बढ़ाने की भी योजना बनाई है। इसके तहत बक्सर स्टेशन पर प्लेटफॉर्म को इस प्रकार विकसित किया जाएगा कि लंबी ट्रेनों के सभी डिब्बे प्लेटफॉर्म से जुड़े रहें। इससे यात्रियों, विशेषकर बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को ट्रेन में चढ़ने-उतरने में अधिक सुविधा और सुरक्षा मिलेगी।






अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशन पर बिजली आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा। साथ ही एकीकृत यात्री सूचना प्रणाली, जीपीएस आधारित डिजिटल घड़ियां और अन्य आधुनिक तकनीकी सुविधाएं स्थापित की जाएंगी। इससे यात्रियों को ट्रेनों की वास्तविक समय की जानकारी, कोच पोजीशन और अन्य आवश्यक सूचनाएं आसानी से उपलब्ध हो सकेंगी।

इसके अतिरिक्त स्टेशन पर कैमटेक डिजाइन के अनुरूप क्विक वाटरिंग सिस्टम भी लगाया जाएगा, जिसकी लागत 4.12 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है। इस सुविधा के माध्यम से ट्रेनों में कम समय में पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी, जिससे परिचालन दक्षता में वृद्धि होगी।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार इन सभी विकास कार्यों के पूर्ण होने के बाद बक्सर रेलवे स्टेशन न केवल आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा, बल्कि यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा अनुभव भी प्रदान करेगा।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu