बक्सर । सिमरी प्रखंड के पैगम्बरपुर पंचायत अंतर्गत बड़का सिघनपुरा गांव स्थित त्यागी रॉयल पैलेस में समाजसेवी संगठन के बैनर तले सीबीएसई एवं बिहार बोर्ड (BSEB) के दसवीं और बारहवीं के सैकड़ों मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य आयोजनकर्ता संगठन के संस्थापक ऋषिकेश ओझा उर्फ त्यागी जी रहे, जबकि इसकी अध्यक्षता पूर्व सैनिक एवं समाजसेवी संगठन के अध्यक्ष शशिभूषण ओझा ने की।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि मां मुंडेश्वरी हॉस्पिटल के चेयरमैन एवं प्रसिद्ध शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. मेजर पी.के. पांडेय तथा विशिष्ट अतिथि प्रख्यात हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. राजेश मिश्रा ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इससे पूर्व आचार्य बिमलेश ओझा एवं अन्य विद्वानों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मां सरस्वती के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर दीप प्रज्ज्वलित किया। वही छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया। कार्यक्रम का सफल संचालन ब्रदर महान ने किया।
इस अवसर पर शशिभूषण ओझा ने सभी अतिथियों का फूल-माला एवं अंगवस्त्र देकर स्वागत किया। समाजसेवी संगठन की ओर से सैकड़ों मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की पुस्तकें, कॉपियां, मोमेंटो तथा नगद धनराशि पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि डॉ. मेजर पी.के. पांडेय ने कहा कि सुदूर ग्रामीण क्षेत्र में मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान किया जाना सराहनीय पहल है। इससे छात्रों का मनोबल बढ़ेगा और उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने भविष्य में भी हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
विशिष्ट अतिथि डॉ. राजेश मिश्रा ने कहा कि समाजसेवी संगठन गांवों में शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है। इस तरह के प्रयासों से समाज में सकारात्मक बदलाव आता है और नई पीढ़ी को बेहतर दिशा मिलती है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे शशिभूषण ओझा ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करना तथा उन्हें उच्च शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी संगठन के द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में ऐसे कार्यक्रम आयोजित किया जाता रहेगा।
समारोह में पूर्व सैनिक संघ के जिला उपाध्यक्ष विद्यासागर चौबे, भाजपा आईटी सेल के संयोजक बिकेश पांडेय, कांग्रेस नेता भोला ओझा, विनोद तिवारी सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक संघ के सदस्य, जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं ने संगठन अध्यक्ष शशिभूषण ओझा और संस्थापक ऋषिकेश ओझा के इस प्रयास की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...


















0 Comments