बक्सर । रेलवे सुरक्षा बल (RPF) बक्सर और जीआरपी बक्सर की संयुक्त कार्रवाई में मंगलवार की शाम एक अंतर-राज्यीय महिला अपराधी गिरोह का पर्दाफाश किया गया। चेकिंग अभियान के दौरान प्लेटफॉर्म संख्या-02 से तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया गया, जिन्होंने ट्रेन संख्या 22670 में यात्रा कर रहे एक यात्री के दो सोने के लॉकेट झपट लिए थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी गए दोनों लॉकेट बरामद कर लिए हैं।
जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम करीब 6:20 बजे आरपीएफ एवं जीआरपी की टीम प्लेटफॉर्म पर जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधि के आधार पर तीन महिलाओं को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उनके पास से माला सहित दो सोने के लॉकेट बरामद हुए। पूछताछ में महिलाओं ने ट्रेन में चोरी की घटना को स्वीकार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संत कबीर नगर निवासी दुर्गावती देवी, मऊ निवासी नंदिता देवी तथा खुशबू कुमारी के रूप में हुई है। तीनों आरोपी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों की रहने वाली हैं।
आरपीएफ इंचार्ज कुंदन सिंह के अनुसार गिरफ्तार सभी महिलाएं पूर्व में भी चोरी और झपटमारी के मामलों में जेल जा चुकी हैं। दुर्गावती देवी के खिलाफ जहानाबाद टाउन थाना में मामला दर्ज है, जबकि नंदिता देवी और खुशबू कुमारी के खिलाफ नालंदा जिले के दीपनगर थाना में पूर्व से केस दर्ज हैं।
जीआरपी बक्सर ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत कर दिया है। रेलवे पुलिस का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा को लेकर स्टेशन और ट्रेनों में लगातार सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments