Ad Code

इटाढ़ी-चौसा ROB पर सियासी घमासान, श्रेय को लेकर भाजपा-राजद आमने-सामने,पहली बार 2013 में तत्कालीन RJD सांसद जगदानन्द सिंह ने सदन में उठाई थी आवाज ! सांसद सुधाकर सिंह ने विकास कार्यों को दी गति



रिपोर्ट- गुलशन सिंह

बक्सर । इटाढ़ी और चौसा रेलवे ओवरब्रिज (ROB) के निर्माण पूरा होते ही जहां जिले की जनता को जाम की समस्या से बड़ी राहत मिली है, वहीं इस उपलब्धि पर श्रेय को लेकर सियासत गरमा गई है। भाजपा और राजद दोनों ही इस परियोजना को अपनी-अपनी उपलब्धि बताने में जुटे हैं, जिससे राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है।

राजद नेताओं ने दावा किया है कि बक्सर और चौसा में रोड ओवरब्रिज निर्माण की नींव वर्ष 2013 में तत्कालीन राजद सांसद जगदानन्द सिंह द्वारा लोकसभा में प्रस्ताव रखकर डाली गई थी। उनका कहना है कि उसी वर्ष इस परियोजना को स्वीकृति भी मिल गई थी, जिसका अभिलेखीय प्रमाण उपलब्ध है।


राजद का आरोप है कि वर्ष 2014 में भाजपा के सांसद अश्विनी चौबे के आने के बाद 2022 में इस परियोजना की आधारशिला रखी गई, जो इस बात का साक्ष्य है कि परियोजना पहले से स्वीकृत थी। पार्टी नेताओं ने यह भी कहा कि वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान वर्तमान सांसद सुधाकर सिंह के कार्यकाल में ही निर्माण कार्य पूरा हुआ।

राजद नेताओं ने बीच की अवधि में निर्माण कार्य की धीमी गति पर भी सवाल उठाते हुए भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि “बनी-बनाई खीर को अपनी खीर बताना भाजपा की पुरानी कार्यशैली रही है।”

वहीं भाजपा इस दावे को खारिज करते हुए कह रही है कि परियोजना को जमीन पर उतारने, बजट की व्यवस्था कराने और निर्माण कार्य को गति देने का काम उनके नेतृत्व में हुआ। 

भाजपा नेताओं के अनुसार, पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद अश्विनी चौबे के प्रयासों से ही यह सपना साकार हो सका। उनका कहना है कि सिर्फ प्रस्ताव देने से विकास नहीं होता, बल्कि उसे पूरा करना असली उपलब्धि होती है।





इधर, वर्तमान सांसद सुधाकर सिंह के कार्यकाल में निर्माण कार्य पूर्ण होने को लेकर भी दोनों दल अपने-अपने तर्क दे रहे हैं। राजद इसे अपने कार्यकाल की उपलब्धि बता रहा है, जबकि भाजपा इसे अपनी पूर्व की पहल का परिणाम बता रही है।

इटाढ़ी और चौसा ROB के चालू होने से बक्सर में वर्षों पुरानी जाम की समस्या से लोगों को राहत मिलने लगी है। आवागमन सुगम हुआ है और स्थानीय व्यापार को भी गति मिलने की उम्मीद है। हालांकि, जनता जहां इस विकास कार्य से खुश नजर आ रही है, वहीं राजनीतिक दलों के बीच श्रेय लेने की होड़ थमने का नाम नहीं ले रही। आने वाले दिनों में यह मुद्दा और भी सियासी रंग ले सकता है।







................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...





 




Post a Comment

0 Comments

Close Menu