Ad Code

बक्सर की बेटियों का देश में जलवा: CUET PG परीक्षा में राष्ट्रीय स्तर पर बजरंगी मिश्रा की दोनों बेटियां साक्षी और सलोनी ने ऑल इंडिया टॉप-5 में बनाई जगह, एक ही परिवार से बेटा IAS और अब बेटियां CUET टॉपर्स बन बक्सर को किया गौरवान्वित




बक्सर । कहते हैं कि जब हौसले बुलंद हों तो सफलता खुद कदम चूमती है और इस कहावत को चरितार्थ किया है बक्सर के मित्रलोक कॉलोनी निवासी बजरंगी मिश्रा की बेटियों ने।जनसुराज पार्टी के जिलाध्यक्ष बजरंगी मिश्रा की दोनों बेटियों ने CUET PG परीक्षा में राष्ट्रीय स्तर पर परचम लहराते हुए जिले को गौरवान्वित कर दिया है।

बड़ी बेटी साक्षी मिश्रा ने पूरे भारत में तीसरा स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। वह वर्तमान में दिल्ली यूनिवर्सिटी के नॉर्थ कैंपस स्थित दौलत राम कॉलेज की छात्रा हैं। वहीं छोटी बेटी सलोनी मिश्रा ने पांचवां स्थान प्राप्त कर सफलता की इस कहानी को और भी खास बना दिया है। सलोनी भी इसी विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित रामजस कॉलेज में अध्ययनरत हैं।



सलोनी की उपलब्धियां यहीं नहीं रुकतीं, वह इससे पहले उत्तर प्रदेश बोर्ड की 12वीं परीक्षा में टॉपर रह चुकी हैं और उन्हें खुद उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा सम्मानित किया जा चुका है।

दोनों बेटियों की इस ऐतिहासिक सफलता के बाद पूरे इलाके में जश्न का माहौल है और बधाइयों का सिलसिला लगातार जारी है। पिता बजरंगी मिश्रा ने गर्व से कहा कि उनकी बेटियों का सपना UPSC परीक्षा पास कर देश सेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाना है।



इस परिवार की सफलता की कहानी यहीं खत्म नहीं होती। इसी परिवार के होनहार युवक हेमंत मिश्रा ने महज 25 वर्ष की उम्र में UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2024 में 13वीं रैंक हासिल कर पहले ही प्रयास में IAS बनने का गौरव प्राप्त किया है और उन्हें उत्तर प्रदेश कैडर मिला है।

एक ही परिवार से लगातार मिल रही इन उपलब्धियों ने यह साबित कर दिया है कि बक्सर की मिट्टी में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है बस ,जरूरत है उसे पहचानने और निखारने की। यह सफलता न सिर्फ एक परिवार की, बल्कि पूरे जिले के लिए प्रेरणा बन गई है।






................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...





 




Post a Comment

0 Comments

Close Menu