Ad Code

राष्ट्रभक्ति और समाज सेवा का संगम: खान सर और पूर्व सैनिक संघ की बैठक में बनी भविष्य की रणनीति


पटना । शिक्षा जगत के चर्चित शिक्षक खान सर और बिहार राज्य पूर्व सैनिक संघ के प्रतिनिधियों के बीच पटना में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। इस बैठक को बिहार में जनकल्याण की दिशा में एक बड़ी पहल के रूप में देखा जा रहा है।


बैठक में संघ के जिला अध्यक्ष सह प्रदेश उपाध्यक्ष रामनाथ सिंह के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने करीब डेढ़ घंटे तक विभिन्न सामाजिक और विकासात्मक मुद्दों पर गहन चर्चा की। इस दौरान खान सर ने रामनाथ सिंह के अनुशासित व्यक्तित्व और जनसेवा के प्रति समर्पण की सराहना की। वहीं ‘बी वॉरियर’ के अध्यक्ष रंजन कुमार राय के कार्यों को भी सराहा गया। खान सर ने उन्हें 24 घंटे आपातकालीन सेवा में तत्पर रहने के लिए “सेवा का असली योद्धा” बताया।

बैठक में ‘सैनिक से समाज तक’ की अवधारणा के तहत चार प्रमुख बिंदुओं पर सहमति बनी। इसमें शहीद परिवारों को सम्मान दिलाने, पूर्व सैनिकों और वीर नारियों के बच्चों को उच्च स्तरीय शिक्षा उपलब्ध कराने, राज्य के प्रत्येक जिले में ब्लड बैंक स्थापित करने और पर्यावरण संरक्षण के लिए व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।




बैठक के दौरान खान सर पूर्व सैनिकों के अनुभवों और उनके सेवा काल के किस्सों को बड़े ध्यान से सुनते नजर आए। उनका सहज और सरल स्वभाव उपस्थित लोगों को काफी प्रभावित करता दिखा।

इस अवसर पर खान ग्लोबल स्टडीज के कोऑर्डिनेटर सतेंद्र कुमार सहित बक्सर और प्रदेश स्तर के कई पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में पूर्व सैनिक संघ की ओर से खान सर को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

बैठक के समापन पर रामनाथ सिंह ने कहा, “फौज से रिटायर होने के बाद भी एक सैनिक का दिल समाज के लिए धड़कता है, और खान सर के साथ मिलकर यह भावना अब एक बड़े अभियान का रूप लेगी।”






................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...





 




Post a Comment

0 Comments

Close Menu