बक्सर । जिले के सदर प्रखंड अंतर्गत चुरामनपुर स्थित कार्मेल स्कूल में आगामी 20 अप्रैल से 24 अप्रैल तक छात्रों के लिए विशेष “एविएशन अवेयरनेस प्रोग्राम” का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को विमानन क्षेत्र की जानकारी देना और उन्हें आधुनिक तकनीकी कौशल से जोड़ना है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए स्कूल की प्रिंसिपल सिस्टर मरिया कीर्ति ने बताया कि “Elevate Your Dreams, Master The Skills” थीम के तहत यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, जिसमें छात्रों को कक्षा से कॉकपिट तक की वास्तविक जानकारी और अनुभव प्रदान किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान स्कूल परिसर में वास्तविक विमान का स्टैटिक डिस्प्ले किया जाएगा, जहां छात्र अपने परिवार और मित्रों के साथ पायलट के मार्गदर्शन में विमान को करीब से देख सकेंगे। इसके अलावा कॉकपिट सिमुलेशन के माध्यम से छात्रों को विमान उड़ाने जैसा वास्तविक अनुभव भी मिलेगा।
“फ्लाइंग स्कॉलर” पहल के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में छात्रों को एविएशन के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया जाएगा। इसमें एविएशन का इतिहास, विमान के प्रकार, उड़ान के सिद्धांत (लिफ्ट, थ्रस्ट, ड्रैग, वेट), विमान के घटक, फ्लाइट सिमुलेटर का परिचय जैसे विषय शामिल हैं।
इसके साथ ही फ्लाइट सिमुलेशन की बुनियादी जानकारी, वर्चुअल फ्लाइट ट्रेनिंग, टेकऑफ और लैंडिंग की प्रक्रिया, नेविगेशन, मौसम के प्रभाव, फ्लाइट प्लानिंग और सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर भी विस्तार से प्रशिक्षण दिया जाएगा।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में छात्रों को हैंड्स-ऑन प्रैक्टिकल अनुभव के साथ-साथ पायलट और एविएशन विशेषज्ञों से सीधे संवाद का अवसर भी मिलेगा। स्कूल प्रशासन का मानना है कि यह पहल छात्रों के भविष्य को नई दिशा देने में सहायक साबित होगी।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments