बक्सर । गुरुवार को गाड़ी संख्या 15125 जनशताब्दी एक्सप्रेस में बम होने की सूचना से रेलवे प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि त्वरित कार्रवाई के बाद मामला पूरी तरह अलग निकला। बम की जगह एक महिला यात्री के पास से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की गई।
जानकारी के अनुसार, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) बक्सर के निरीक्षक प्रभारी कुंदन सिंह को दानापुर सुरक्षा नियंत्रण कक्ष से सूचना मिली कि जनशताब्दी एक्सप्रेस के डी-15 कोच में एक महिला के शरीर पर बम बंधा हुआ है। यह सूचना एक सहयात्री महिला द्वारा दी गई थी। सूचना मिलते ही रेलवे महकमे में हड़कंप मच गया, लेकिन तब तक ट्रेन बक्सर स्टेशन से आगे निकल चुकी थी।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आरपीएफ ने तुरंत डुमरांव स्टेशन पर तैनात कर्मियों को अलर्ट किया। आरक्षी राजमुकुल कुमार और प्रधान आरक्षी मुकेश रोशन को निर्देश दिया गया कि ट्रेन के पहुंचते ही संदिग्ध कोच की सघन तलाशी ली जाए। इसके लिए महिला रेलकर्मी चंद्रावती देवी को भी टीम में शामिल किया गया।
डुमरांव स्टेशन पर ट्रेन पहुंचते ही आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने डी-15 कोच में जांच शुरू की। तलाशी के दौरान ममता कुमारी (29 वर्ष), पति जितेंद्र कुमार, निवासी बिहिया (भोजपुर) को संदिग्ध स्थिति में पकड़ा गया। महिला रेलकर्मी की मदद से जांच करने पर उसके शरीर से छुपाकर रखी गई 14 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
जांच में सामने आया कि महिला ने शराब को इस तरह शरीर से बांध रखा था कि वह बाहर से देखने में बम जैसा प्रतीत हो रहा था। इसी कारण सहयात्री को शक हुआ और उसने बम की सूचना दे दी।
आरपीएफ ने बरामद शराब को जब्त कर महिला को बक्सर लाया, जहां आगे की कार्रवाई के लिए उसे जीआरपी को सौंप दिया गया है। घटना के बाद ट्रेन में फैली दहशत भी खत्म हो गई और यात्रियों ने राहत की सांस ली।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments