बक्सर । जन सुराज पार्टी के सूत्रधार Prashant Kishor रविवार को बक्सर पहुंचे, जहां उन्होंने नया बाजार स्थित आशीर्वाद बैंक्वेट हॉल में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और संगठन के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। बैठक में संगठन की मजबूती और आगामी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस दौरान प्रशांत किशोर ने कहा कि चुनाव परिणाम के बाद जन सुराज के नेताओं ने पश्चिम चंपारण स्थित Bhithiharwa Gandhi Ashram में एक दिन का उपवास रखा था। उस समय जन सुराज की ओर से यह घोषणा की गई थी कि बिहार में जो नई सरकार बनी है, उसे अपने वादों को पूरा करने के लिए छह महीने का समय दिया जाएगा। इसके बाद बिहार नवनिर्माण अभियान के तहत जन सुराज के कार्यकर्ता घर-घर जाकर जनता के बीच अपनी बात रखेंगे।
उन्होंने कहा कि बिहार नवनिर्माण अभियान को अगले पांच वर्षों तक प्रभावी ढंग से चलाने के लिए वे हर जिले में जाकर संगठन को पुनर्गठित करने का काम कर रहे हैं।
इस दौरान प्रशांत किशोर ने मुख्यमंत्री Nitish Kumar के राज्यसभा जाने के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए कहा कि यह जनादेश सरकार को मिला ही नहीं है, बल्कि यह “मैन्युफैक्चर्ड मैंडेट” है। उनका आरोप था कि यह जनादेश भाजपा के लोगों द्वारा पैसे के बल पर खरीदा गया है। उन्होंने कहा कि जब जनादेश मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर है ही नहीं, तो उनका जाना तय है।
नए मुख्यमंत्री के सवाल पर प्रशांत किशोर ने कहा कि बिहार को ऐसा मुख्यमंत्री मिल सकता है जिसका रिमोट कंट्रोल गुजरात में होगा। सरकार के फैसले भले ही यहां लिए जाएंगे, लेकिन उनका लाभ गुजरात के लोगों को पहुंचाने के लिए निर्णय किए जाएंगे।
आगे की रणनीति पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि जनता ने उन्हें सड़क पर रहने के लिए चुना है और वे सड़क की राजनीति करेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जब भी जनता और उनके बच्चों के साथ अन्याय होगा, तो जन सुराज पूरी मजबूती के साथ उनकी आवाज उठाएगा।
बैठक में तथागत हर्षवर्धन, दिवाकर पाठक, बजरंगी मिश्रा, मनोज उपाध्याय, पूर्व विधायक श्रीकांत पाठक, धंजी पांडेय, प्रमोद राय, मनोज कुमार, आनंद मिश्रा, मणि शंकर पांडेय, धनंजय पासवान, डॉ. जितेंद्र, कनक लता सिंह, सुभाष राम सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments