बक्सर । बिहार के शाहाबाद क्षेत्र के बक्सर और भोजपुर जिलों में मुख्यमंत्री की समृद्धि यात्रा को लेकर सियासत तेज हो गई है। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता डॉ स्नेहाशीष वर्धन ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की यात्रा पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए इसे “समृद्धि यात्रा नहीं, बल्कि दुर्गति यात्रा” बताया है।
डॉ स्नेहाशीष वर्धन ने कहा कि राज्य में बढ़ती बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, कमजोर स्वास्थ्य व्यवस्था और गिरती कानून व्यवस्था के लिए एनडीए सरकार जिम्मेदार है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री जनता के बीच जाकर विकास के दावे कर रहे हैं, जबकि जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है।
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी चरम पर है तथा सरकारी योजनाओं में भारी अनियमितता और बंदरबांट हो रही है। आम जनता महंगाई, बेरोजगारी और प्रशासनिक उदासीनता से परेशान है, लेकिन सरकार इन समस्याओं के समाधान के बजाय यात्राओं के माध्यम से राजनीतिक माहौल बनाने में लगी है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री की यह यात्रा राजनीतिक अस्तित्व बचाने का प्रयास है और राज्य के अफसरों द्वारा उन्हें विकास का भ्रम दिखाया जा रहा है। साथ ही उन्होंने कहा कि भाजपा के साथ मिलकर राज्य में सांप्रदायिक राजनीति को बढ़ावा दिया गया है, जिससे सामाजिक सौहार्द प्रभावित हुआ है।
कांग्रेस ने मांग की कि मुख्यमंत्री राज्य की वास्तविक समस्याओं को स्वीकार करते हुए जनता के प्रति जवाबदेह बनें और केवल प्रतीकात्मक यात्राओं के बजाय ठोस नीतिगत कदम उठाएं।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments