बक्सर । मुफस्सिल थाना क्षेत्र में पिछले वर्ष हुए चर्चित ठेकेदार अर्जुन यादव हत्याकांड में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। इस मामले में फरार चल रहे मुख्य शूटर के सहयोगी को एसआईटी टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, 26 मई 2025 को चौसा पावर प्लांट के समीप अज्ञात अपराधियों ने अखौरीपुर गोला निवासी स्वर्गीय सुरेन्द्र यादव के पुत्र अर्जुन यादव की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में मुफस्सिल थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य के निर्देश पर सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया था।
गठित टीम ने लगातार कार्रवाई करते हुए अब तक इस कांड में कुल नौ अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
हालांकि मुख्य शूटर निखिल यादव का सहयोगी दिनेश यादव घटना के बाद से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी।
इसी क्रम में मंगलवार को पुलिस को सूचना मिली कि दिनेश यादव उत्तर प्रदेश से बक्सर की ओर आ रहा है। सूचना मिलते ही एसआईटी टीम ने कर्मनाशा पुल के समीप घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान दिनेश यादव ने इस हत्याकांड में मुख्य शूटर निखिल यादव के सहयोगी के रूप में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
गिरफ्तार अभियुक्त दिनेश यादव, पिता रामाश्रय यादव, ग्राम इमामुद्दीनपुर, तहसील कासिमाबाद, जिला गाजीपुर (उत्तर प्रदेश) का निवासी है। उसके विरुद्ध मुफस्सिल थाना और इटाढ़ी थाना में विभिन्न धाराओं में पहले से भी मामले दर्ज हैं।
बुधवार को सदर एसडीपीओ गौरव कुमार पांडेय ने आयोजित प्रेस वार्ता में इस गिरफ्तारी की जानकारी दी। इस कार्रवाई में सदर एसडीपीओ गौरव कुमार पांडेय, डीआईयू प्रभारी सुधीर कुमार, मुफस्सिल थाना के अपर थानाध्यक्ष चंदन कुमार, डीआईयू शाखा के पु.अ.नि. चंदन कुमार सहित डीआईयू और मुफस्सिल थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments