Ad Code

ट्रांसफार्मर से तेल चोरी करने वाला गिरोह पकड़ा गया, तीन आरोपी गिरफ्तार



बक्सर । जिले के डुमरांव अनुमंडल क्षेत्र में कृषि फीडर से जुड़े ट्रांसफार्मरों से तेल चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। डुमरांव पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो ट्रांसफार्मरों से तेल निकालकर बाजार में बेचने का काम करते थे। चोरी किए गए इस तेल को डीजल में मिलाकर भी बाजार में खपाया जाता था।

डुमरांव के एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने बताया कि थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में नियमित गश्त कर रही थी। इसी दौरान सुरौंधा गांव के पास एक कृषि ट्रांसफार्मर के पास संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दीं। जब पुलिस मौके के करीब पहुंची तो देखा कि एक युवक ट्रांसफार्मर पर चढ़कर उसका तेल निकाल रहा था। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए युवक को मौके से गिरफ्तार कर लिया।



पूछताछ के दौरान उसने स्वीकार किया कि वह ट्रांसफार्मरों से तेल चोरी करने वाले एक गिरोह का सदस्य है। गिरफ्तार युवक की पहचान अरियांव गांव निवासी संतोष कुमार उर्फ टुनटुन यादव (पिता रामाधार यादव) के रूप में हुई है। संतोष की निशानदेही पर पुलिस ने गिरोह के एक अन्य सदस्य को भी गिरफ्तार किया। दूसरी गिरफ्तारी लालगंज कड़वी इलाके से की गई, जिसकी पहचान पंकज यादव (पिता रामजी यादव), निवासी अरियांव के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी की वारदात में इस्तेमाल होने वाले कई सामान बरामद किए हैं। इनमें एक अपाचे मोटरसाइकिल, एक ई-रिक्शा तथा करीब ढाई लीटर ट्रांसफार्मर का तेल शामिल है। जब्त ई-रिक्शा और बाइक दोनों संतोष उर्फ टुनटुन यादव के नाम पर बताए गए हैं।






जांच के दौरान पुलिस को एक ऐसे व्यक्ति के बारे में भी जानकारी मिली, जो चोरी किए गए तेल को बाजार में खपाने का काम करता था। उसकी पहचान चुन्नू साह (पिता खेमराज साह), निवासी अरियांव गांव के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार चुन्नू साह गिरोह से तेल खरीदकर उसे अवैध रूप से बाजार में बेचता था।

एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने बताया कि इस मामले में कुछ अन्य आरोपियों की भी पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है और जल्द ही गिरोह के अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...





 




Post a Comment

0 Comments

Close Menu