बक्सर । महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर शहर में निकाले गए जुलूस के दौरान बिना अनुमति तेज आवाज में डीजे बजाने के मामले में नगर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। ध्वनि प्रदूषण और प्रशासनिक निर्देशों की अनदेखी को लेकर यह कार्रवाई की गई है।
नगर थाना में पदस्थापित पु०अ०नि० गुड्डी कुमारी के आवेदन के अनुसार, संध्या गश्ती के क्रम में थानाध्यक्ष के निर्देश पर जुलूस में बज रहे डीजे का सत्यापन किया गया। जांच के दौरान ज्योति चौक पर खलासी मुहल्ला की ओर से आ रहे जुलूस में कई वाहनों पर डीजे बजते पाए गए। मौके पर मौजूद डीजे संचालकों से अनुमति पत्र की मांग की गई, लेकिन कोई भी वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका।
जांच में महेश बाबू (खलासी मुहल्ला), टाइगर डीजे बक्सर, आदित्य डीजे बक्सर तथा एपी डीजे बक्सर (पावर ऑफ ब्लू बॉस) के नाम सामने आए। देर रात मेन रोड पर पुनः सत्यापन के दौरान भी डीजे तेज आवाज में बजते पाए गए। पूरे मामले की वीडियोग्राफी कराई गई है।
पुलिस ने मामले को गंभीर मानते हुए संबंधित डीजे संचालकों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान भी नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments